Azamgarh News: शक्तिपीठ गौरी कालिका धाम में गूंज रही राम नाम की मधुर ध्वनि, भक्तिमय माहौल में डूबा गौरी नरायनपुर


आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
शक्तिपीठ गौरी कालिका धाम में गूंज रही राम नाम की मधुर ध्वनि, भक्तिमय माहौल में डूबा गौरी नरायनपुर
आजमगढ़ जनपद के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गौरी नरायनपुर गांव स्थित शक्तिपीठ गौरी कालिका धाम इन दिनों पूरी तरह भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा हुआ है। पावन नवरात्र के शुभ अवसर पर 21 मार्च से 27 मार्च तक यहां भव्य राम कथा का आयोजन राम कथा मंदिर समिति द्वारा प्रतिदिन सायं 7:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक किया गया है।
मंदिर परिसर में प्रवेश करते ही श्रद्धालु एक दिव्य और अलौकिक वातावरण का अनुभव कर रहे हैं। मां गौरी कालिका की प्रतिमा का आकर्षक भव्य श्रृंगार मंदिर के पुजारी विजय पांडे उर्फ रिंकू पांडे द्वारा किया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
राम कथा के मर्मज्ञ कथावाचक पंडित अलंकार कौशिक जी महाराज अपने मुखारविंद से भगवान श्रीराम की मर्यादा, आदर्श और भक्ति का ऐसा भावपूर्ण वर्णन कर रहे हैं कि श्रोता भाव-विभोर होकर भक्ति रस में डूब जाते हैं। कथा के दौरान पूरा वातावरण “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठता है।
संगीतमय प्रस्तुति ने कथा को और भी जीवंत बना दिया है। तबले पर अवधेश यादव, आर्गन पर हरिहरपुर घराना के बबलू मिश्रा और भजन गायक विनय राय की सुमधुर प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूम उठते हैं और पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है।
यह सात दिवसीय राम कथा अब अपने समापन की ओर अग्रसर है। शुक्रवार को समापन दिवस के अवसर पर सायं 6:00 बजे से भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संगठन के अध्यक्ष विनय राय, संरक्षक सुधीर राय सहित कार्यकर्ता भोला पांडे, शिवांश राय, डॉ. शिवम, अरुण राय, अशोक राय, रोहित राय, सूबेदार यादव, पूजन यादव, आशुतोष पांडे, मिट्ठू यादव, अवधू पासवान, रोहित प्रजापति आदि का सराहनीय योगदान रहा। साथ ही सैकड़ों महिला एवं पुरुष श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कथा श्रवण कर रहे हैं।
नवरात्र के इस पावन अवसर पर आयोजित यह राम कथा न केवल धार्मिक आस्था को प्रगाढ़ कर रही है, बल्कि क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक एकता का भी संदेश दे रही है।



