Formula 1 Standings 2026: चाइनीज ग्रांड प्रिक्स स्प्रिंट के बाद F1 2026 ड्राइवर्स चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल, कौन आगे?

फॉर्मूला 1 के 2026 सीजन की शुरुआत काफी रोमांचक रही है. चाइनीज ग्रांड प्रिक्स में खेले गए पहले स्प्रिंट रेस के बाद ड्राइवर स्टैंडिंग्स में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. इस रेस में जीत दर्ज करने के बाद मर्सिडीज के ड्राइवर जॉर्ज रसेल 33 अंकों के साथ चैंपियनशिप तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं.
रसेल ने हासिल की दूसरी जीत
जॉर्ज रसेल ने इस सीजन में शानदार शुरुआत की है. ऑस्ट्रेलियन ग्रांड प्रिक्स के बाद चीन में हुई स्प्रिंट रेस में जीत हासिल कर उन्होंने अपनी बढ़त मजबूत कर ली है. 33 अंकों के साथ वह फिलहाल ड्राइवर चैंपियनशिप में सबसे आगे चल रहे हैं.
मर्सिडीज के दो ड्राइवर टॉप-3 में
इस समय मर्सिडीज टीम का दबदबा साफ दिखाई दे रहा है. टीम के युवा ड्राइवर किमी एंटोनेली 22 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया ग्रांड प्रिक्स में दूसरा स्थान हासिल किया था, जिसकी वजह से वह बराबर अंक होने के बावजूद फेरारी के ड्राइवर चार्ल्स लेक्लेर से आगे हैं. लेक्लेर भी 22 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं.
फेरारी और मैकलेरन भी मुकाबले में
फेरारी के दिग्गज ड्राइवर लुईस हैमिल्टन18 अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं. वहीं मैकलेरन के लैंडो नॉरिस 15 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर मौजूद हैं. रेड बुल के मौजूदा चैंपियन मैक्स वेरस्टैपेन की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है. वह अभी सिर्फ 8 अंकों के साथ छठे स्थान पर हैं.
मिडफील्ड में कड़ी टक्कर
स्टैंडिंग्स में सातवें स्थान पर हास टीम के ओलिवर बेयरमैन हैं, जिनके 7 अंक हैं. वहीं रेसिंग बुल्स के युवा ड्राइवर आर्विड लिंडब्लैड 4 अंकों के साथ आठवें स्थान पर हैं. मैकलेरन के ऑस्कर पियास्त्री 3 अंक के साथ नौवें स्थान पर हैं, जबकि ऑडी टीम के गैब्रियल बोर्तोलेटो 2 अंक के साथ टॉप-10 में शामिल हैं.
कई दिग्गज अभी खाता नहीं खोल पाए
सीजन की शुरुआत में कई बड़े नाम अभी तक अंक नहीं जुटा सके हैं. इनमें फर्नांडो अलोंसो, कार्लोस सैंज विलियम्स जूनियर और निको हुल्केनबर्ग जैसे ड्राइवर शामिल हैं.
मर्सिडीज की मजबूत शुरुआत
सीजन के शुरुआती दो इवेंट्स के बाद मर्सिडीज की टीम सबसे मजबूत दिखाई दे रही है. ऑस्ट्रेलिया ग्रांड प्रिक्स में टीम ने शानदार 1-2 फिनिश हासिल की थी, जबकि चीन में रसेल की स्प्रिंट जीत ने उनकी बढ़त और मजबूत कर दी है.
फॉर्मूला 1 2026 ड्राइवर्स चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल (टॉप 12)
- जॉर्ज रसेल (मर्सिडीज) – 33 अंक
- किमी एंटोनेली (मर्सिडीज) – 22 अंक
- चार्ल्स लेक्लेर (फेरारी) – 22 अंक
- लुईस हैमिल्टन (फेरारी) – 18 अंक
- लैंडो नॉरिस (मैकलेरन) – 15 अंक
- मैक्स वेरस्टैपेन (रेड बुल रेसिंग) – 8 अंक
- ओलिवर बेयरमैन (हास) – 7 अंक
- आर्विड लिंडब्लैड (रेसिंग बुल्स) – 4 अंक
- ऑस्कर पियास्त्री (मैकलेरन) – 3 अंक
- गैब्रियल बोर्तोलेटो (ऑडी) – 2 अंक
- लियाम लॉसन (रेसिंग बुल्स) – 2 अंक
- पियरे गैस्ली (अल्पाइन) – 1 अंक



