आजमगढ़

Azamgarh news:फर्जी निवेश योजना के नाम पर दवा व्यापारी से 45 लाख की ठगी का आरोप

आजमगढ़। आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र में फर्जी निवेश योजना के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। फरिहा गांव निवासी नगीना मौर्य पुत्र स्वर्गीय फुन्नन मौर्या ने मनोज कुमार सिंह और उसके परिवार पर करीब 45 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने में प्रार्थना पत्र दिया है। थानाध्यक्ष हिरेंद्र प्रताप सिंह के आदेश पर मामले में अभियोग पंजीकृत कर उचित कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रार्थी नगीना मौर्य के अनुसार, गंभीरपुर थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी मनोज कुमार सिंह दवा का कारोबार करता है। इसी दौरान दोनों के बीच परिचय हुआ। मनोज ने उसे बताया कि वह एआईसी ग्लोबल हेल्थ केयर और एयरजोन इंटरनेशनल नामक कंपनियां चलाता है, जिनमें निवेश करने पर अच्छा खासा मुनाफा मिलता है। उसके झांसे में आकर नगीना मौर्य ने विभिन्न तिथियों में मनोज और उसकी पत्नी के खातों में लाखों रुपये जमा कर दिये। पीड़ित के अनुसार 27 अक्टूबर 2023 को उसने मनोज के खाते में दो लाख रुपये ट्रांसफर किए, 17 नवंबर 2023 को चार लाख 80 हजार रुपये नकद जमा किए तथा 18 दिसंबर 2023 को मनोज की पत्नी के खाते में दो लाख 50 हजार रुपये नकद जमा किए। इसके अलावा भी कई बार अलग-अलग माध्यमों से पैसे दिए गए। आरोप है कि मनोज के बेटे आदर्श, आशु, आयुष और उसका साला बृजेश कुमार डेली व साप्ताहिक कलेक्शन के नाम पर लोगों से पैसा वसूलते थे। नगीना मौर्य का आरोप है कि कुछ समय तक निवेशकों को थोड़ा-बहुत पैसा लौटाया गया, लेकिन बाद में कंपनी का कारोबार बंद कर आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो गया और सभी निवेशकों का पैसा हड़प लिया। जब वह अन्य लोगों के साथ पैसा मांगने उसके घर पहुंचा तो आरोपी की पत्नी ने अभद्र व्यवहार किया। पीड़ित का कहना है कि बाद में मनोज कुमार सिंह मिलने पर उल्टा उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और झूठे एससी/एसटी व छेड़खानी के मुकदमे में फंसाने की भी धमकी दी। प्रार्थी के अनुसार उसका कुल करीब 45 लाख रुपये बकाया है। थाना निजामाबाद में मामले में मनोज कुमार सिंह, उसकी पत्नी ममता सिंह, बेटे आदर्श, आशु, आयुष तथा साला बृजेश कुमार के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!