AZAMGARH News:बिलरियागंज, अकबरपुर में ‘मां शांति डिजिटल लाइब्रेरी’ का उद्घाटन, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नई पहल


आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के नगर पालिका बिलरियागंज क्षेत्र में शनिवार को शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए बिलरियागंज–रौनापार मार्ग पर स्थित अकबरपुर में “मां शांति डिजिटल लाइब्रेरी” का भव्य उद्घाटन किया गया। इस डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना मणि दीप एजुकेशनल ग्रुप द्वारा की गई है। उद्घाटन समारोह का शुभारंभ समाजसेवी विशाल सेठ ने फीता काटकर किया।उद्घाटन के अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस मौके पर मणि दीप एजुकेशनल ग्रुप के निदेशक चतुर्भुज तिवारी, प्रिंसिपल मिथिलेश तिवारी, भाजपा के वरिष्ठ नेता रामसागर सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष बिलरियागंज रूद्रप्रकाश राय, भाजपा मंडल अध्यक्ष भीमबर, दीपक मिश्रा, अभिषेक राय उर्फ बंटी राय, सभासद उदय यादव सहित कई गणमान्य नागरिक व क्षेत्र के शिक्षाप्रेमी लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल संसाधनों की आवश्यकता तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में ग्रामीण व कस्बाई क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना एक सराहनीय पहल है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को काफी लाभ मिलेगा।प्रिंसिपल मिथिलेश तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस डिजिटल लाइब्रेरी में कुल 130 सीटों की व्यवस्था की गई है, जिनमें से लगभग 50 सीटें विशेष रूप से छात्राओं के लिए आरक्षित रखी गई हैं, ताकि बेटियों को भी सुरक्षित और शांत वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी में हाईस्पीड इंटरनेट, शांत अध्ययन कक्ष, आधुनिक बैठने की व्यवस्था तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयुक्त माहौल जैसी सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।उन्होंने यह भी कहा कि इस डिजिटल लाइब्रेरी का उद्देश्य सिर्फ पढ़ाई की जगह उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को एक सकारात्मक शैक्षिक माहौल देना है, जिससे वे अपने सपनों को साकार कर सकें और समाज व देश के विकास में योगदान दे सकें।उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि मां शांति डिजिटल लाइब्रेरी क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए ज्ञान का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी और यहां से पढ़कर निकलने वाले युवा अपने परिवार व समाज का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने लाइब्रेरी का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों को मेहनत व लगन के साथ पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।



