आजमगढ़

Azamgarh News: 11 मार्च को मनाया जाएगा ‘नो स्मोकिंग डे’, युवाओं को तम्बाकू से दूर रहने का दिया जाएगा संदेश

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ नन्हकू राम वर्मा के अनुसार जनपद में राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत 11 मार्च को “नो स्मोकिंग डे” मनाया जाएगा। इस अवसर पर तम्बाकू और धूम्रपान से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए जनपद के सभी सरकारी चिकित्सालयों पर विशेष जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि जनपद के स्वास्थ्य केंद्रों, शिक्षण संस्थानों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर व बैनर के माध्यम से तम्बाकू के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज को तम्बाकू से होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और तम्बाकू सेवन से दूर रहने की अपील की।
सीएमओ ने विशेष रूप से युवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं में तेजी से बढ़ रही तम्बाकू की लत को रोकना बेहद आवश्यक है। जब तक इस दिशा में ठोस प्रयास नहीं किए जाएंगे, तब तक ऐसे जागरूकता दिवसों का उद्देश्य पूरी तरह सफल नहीं हो पाएगा। इसलिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर तम्बाकू नियंत्रण के लिए प्रयास करना होगा।
इस संबंध में एनसीडी कार्यक्रम के नोडल अधिकारी व डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द कुमार ने बताया कि तम्बाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों समेत कई गंभीर गैर-संचारी रोगों (NCD) का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि तम्बाकू नियंत्रण केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के सभी वर्गों, अभिभावकों, शिक्षकों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए तम्बाकू और धूम्रपान से दूर रहें तथा “आज ही तम्बाकू छोड़ें, जीवन से जुड़ें” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने बताया कि तम्बाकू छोड़ने के इच्छुक व्यक्ति राष्ट्रीय तम्बाकू निषेध हेल्पलाइन नंबर 1800-112-356 पर सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक निःशुल्क परामर्श प्राप्त कर सकते हैं।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!