राज्य

चांदनी चौक अतिक्रमण पर गहराया विवाद, 300 लोगों ने निकाला विरोध मार्च, BJP ने LG को लिखा पत्र

पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में अवैध अतिक्रमण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. इस बीच टाउन हॉल से 300 लोगों ने विरोध मार्च निकाला है. वहीं चांदनी चौक नागरिक मंच और बीजेपी प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर करीब 300 लोगों द्वारा टाउन हॉल से लाल किला तक निकाले गए विरोध मार्च पर कड़ी आपत्ति जताई है.

बीजेपी प्रवक्ता और मंच के महासचिव प्रवीण शंकर कपूर ने आरोप लगाया कि जिन लोगों पर सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जा करने के आरोप हैं, उन्हें जुलूस निकालने की अनुमति दी गई. जुलूस के दौरान ‘जो जमीन सरकारी है, वह जमीन हमारी है’ जैसे नारे लगाए गए.

नागरिक मंच ने लगाया ये आरोप

मंच ने यह भी आरोप लगाया कि इस जुलूस को स्थानीय कोतवाली थाना पुलिस की सुरक्षा मिली. मंच का कहना है कि पुलिस को ऐसे मामलों में सख्ती दिखानी चाहिए थी. पिछले कुछ समय से चांदनी चौक, जामा मस्जिद और आसपास के इलाकों में अतिक्रमण को लेकर व्यापारियों और प्रशासन के बीच तनातनी बनी हुई है. 

हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट ने भी चांदनी चौक और जामा मस्जिद क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता जताई थी और नगर निगम को कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे. इसके बाद कुछ जगहों पर हटाने की कार्रवाई भी हुई.

अतिक्रमण विवाद पर क्या बोले व्यापारी?

व्यापारियों का कहना है कि सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जे के कारण ट्रैफिक जाम, गंदगी और सुरक्षा की समस्या बढ़ रही है. वहीं, रेहड़ी-पटरी लगाने वाले लोग अपने रोजगार की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं और वेंडर कमेटी बनाने की बात कह रहे हैं.

चांदनी चौक नागरिक मंच ने कहा है कि वह इस मुद्दे को दिल्ली के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री के सामने उठाया. मंच ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. फिलहाल, पुरानी दिल्ली में अतिक्रमण का मुद्दा फिर से गरमा गया है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है. 

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!