राज्य

‘डबल इंजन ने राजस्थान को विकास की पटरी से…’, टीकाराम जूली का BJP पर हमला, ERCP पर भी घेरा

राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बीजेपी और प्रदेश की सरकार को घेरा है. उन्होंने BJP प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के हालिया बयानों पर पलटवार करते हुए इसे प्रदेश की जनता के साथ ‘क्रूर मजाक’ करार दिया है. जूली ने कहा कि भाजपा नेता जिन ‘ऐतिहासिक दौरों’ का ढिंढोरा पीट रहे हैं, उनकी असलियत जनता जानती है.

ERCP को लेकर टीकाराम जूली ने सरकार को घेरा

टीकाराम जूली ने कहा, “मदन राठौड़ आज उन वादों पर चर्चा करने से भाग रहे हैं जो खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर की धरती से ERCP को लेकर किए थे. राजस्थान की जनता भूली नहीं है कि प्रधानमंत्री ने इसे राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने का आश्वासन दिया था. आज अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए ‘रामजल सेतु’ जैसे नए नाम गढ़े जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर प्यासे कंठों को पानी मिलना अब भी दूर की कौड़ी है.”

रिफाइनरी के उद्घाटन पर सरकार की चुप्पी पर सवाल

पचपदरा रिफाइनरी के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष ने सीधे सवाल दागते हुए पूछा कि आखिर राज्य सरकार इसके उद्घाटन से क्यों कतरा रही है? उन्होंने पूछा, ”मदन राठौड़ जी विकास की बातें तो बहुत करते हैं, लेकिन क्या वे बताएंगे कि पचपदरा रिफाइनरी का काम पूरा होने के बावजूद उद्घाटन क्यों अटका है? क्या राज्य की भाजपा सरकार को प्रधानमंत्री कार्यालय से तारीख तक नहीं मिल पा रही है? रिफाइनरी जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर चुप्पी और प्रधानमंत्री की बेरुखी यह साबित करती है कि भाजपा के पास विकास का कोई विजन नहीं है, वे सिर्फ श्रेय लेने की राजनीति में माहिर हैं.”

प्रदेश का हर वर्ग त्रस्त- टीकाराम जूली

जूली ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ‘पांच साल बनाम दो साल’ की खुली बहस की चुनौती से डरकर पीछे हट गई है. उन्होंने कहा कि सरकार के पास गिनाने के लिए एक भी उपलब्धि नहीं है. आज प्रदेश का हर वर्ग त्रस्त है; किसान बिजली की किल्लत से जूझ रहा है, फसलें बर्बाद हो रही हैं और बस संचालकों की हड़ताल से आम जनता का आवागमन ठप है. सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी बैठी है.

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल

प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर भी नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा, ”राजस्थान में अपराध का ग्राफ रसातल में पहुंच गया है. लूट, हत्या और गैंगवार की बढ़ती घटनाओं ने साबित कर दिया है कि पुलिस का इकबाल खत्म हो चुका है. अपराधी बेखौफ हैं और आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहा है.

जूली ने तंज कसते हुए कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब कानून-व्यवस्था ध्वस्त है, तब सत्ताधारी दल के नेता सिर्फ ‘गाल बजाने’ और खोखली वाहवाही लूटने में व्यस्त हैं. धरातल पर अपराधियों पर लगाम कसने में यह सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!