Bihar News: ‘हिंदू-मुसलमान का…’, खुले में मांस की बिक्री पर रोक के बाद भड़के मुकेश सहनी

बिहार सरकार में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्य के अंदर खुले में मांस की बिक्री पर रोक लगा दी है. उन्होंने कहा कि किसी भी तरह का मांस-मछली खुले में नहीं बेचा जाएगा. इस फैसले को लेकर राजनीति गरमा गई है. इस बीच विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी की प्रतिक्रिया आई है.
मुकेश सहनी ने कहा कि यह तो सब लोग जानते हैं कि हिंदू-मुसलमान का नैरेटिव सेट करने के लिए पहले चिकन और मटन से शुरू हुआ और अब मछली पहुंच गया है.यह एक जाति, एक धर्म के लोगों को निशाना बनाना की सोच है. उसके लिए अब मछुआरों को घसीट लिया गया.
जो मर्जी होगी करने लगेगा- मुकेश सहनी
मुकेश सहनी ने कहा कि कुछ दिन पहले बिहार के डिप्टी सीएम सोकर उठे और आदेश दिया कि कोई भी मछुआरा मछली नहीं बेचेगा, मांस नहीं बेचेगा. उन्होंने आगे कहा कि ऐसा लगता है कि सबका अपने बाबूजी का राज है, जो मर्जी होगी करने लगेगा.
मुकेश सहनी ने आगे कहा कि हम भी मंत्री बने थे. हमने 5 हजार करोड़ रुपये का बजट बनाया था. पूरे बिहार में मछली बाजार बनाया जाएगा. इसमें कोई भी खुले में, सड़क किनारे मछली-मटन नहीं बेचेंगे. इसके लिए हमने 5 साल का ब्लूप्रिंट बनाया था. जिसके लिए 5 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे.
अपना ब्लूप्रिंट लागू करने का दिया सुझाव
इस ब्लूप्रिंट के मुताबिक हर साल में एक हजार करोड़ रुपये का खर्चा करना था. उन्होंने आगे कहा कि हमको रोड पर मछली बेचने का शौक नहीं है. उन्होंने आगे कहा कि सरकार का काम हर जगह व्यवस्था करने का है. इसलिए हर जगह मछली बाजार बनाई जाए. उन्होंने आगे कहा कि बाजार बनेगा तो लोग वहां मछली बेचेंगे, मटन बेचेंगे और चिकन बेचेंगे.
मुकेश सहनी ने कहा कि जो फाइल हमने विभाग में साइन की है. उससे पहले डिप्टी सीएम से आग्रह है कि पहले जितने भी शहर है और ग्रामीण इलाकों में मछली बाजार दिया जाए, ताकि वे लोग बाजार में मछली बेच सकें.



