जालौन: ट्रैक्टर से दबकर चालक की मौत, अवैध खनन माफिया पर हत्या का आरोप, परिजनों का हंगामा

यूपी के जालौन में सड़क हादसे में घायल ट्रैक्टर चालक की मौत के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई. वहीं मृतक के परिजनों ने इस मौत के लिए अवैध खनन माफिया को जिम्मेदार ठहराते हुए हत्या करार दिया. वहीं पुलिस की कार्रवाई और दो थानों के बीच विवाद से नाराज परिजनों ने बीच सड़क पर लाश रखकर प्रदर्शन किया. यह मामला उरई कोतवाली क्षेत्र के कोंच बस स्टैंड के पास वेदिका गेस्ट हाउस के सामने का है.
बताया जा रहा है कि एक ट्रैक्टर के पलटने से उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी बाद में मौत हो गई. हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया, लेकिन आरोप है कि मामले को दर्ज करने को लेकर जालौन कोतवाली और उरई कोतवाली के बीच विवाद खड़ा हो गया, जिससे परिजनों में आक्रोश फैल गया.
माफियाओं पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन
मृतक के परिजनों का आरोप है कि यह हादसा नहीं, बल्कि क्षेत्र में सक्रिय अवैध मिट्टी खनन माफियाओं द्वारा की हत्या की गई है. आक्रोशित परिजनों ने पुलिस पर माफियाओं से मिलीभगत का आरोप लगाया. परिजनों ने माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर लाश रखकर प्रदर्शन किया.
पुलिस ने दिया निष्पक्ष जांच का आश्वासन
वहीं हंगामें की सूचना मिलते ही सीओ सिटी राजीव कुमार शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने परिजनों को समझाया और आश्वासन दिया कि उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन परिजनों को दिया. वहीं पुलिस के आश्वासन के बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर दिया.
आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
मृतक के परिजनों का कहना है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि हत्या है. उसे इलाके के अवैध खनन माफियाओं ने उसे मारा है. पुलिस वालों ने पहले तो केस दर्ज करने से मना कर दिया, और दो थानों के बीच उझलते रहे. हम चाहते हैं कि असली हत्यारों को पकड़ा जाए.
मामले में क्या बोले पुलिस अधिकारी
वही, सीओ सिटी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक ट्रैक्टर दुर्घटना में चालक की मौत हो गई है. परिजन शव को लेकर सड़क पर जाम लगा रहे हैं. मौके पर पहुंचकर परिजनों से वार्ता की गई. उनकी तहरीर के आधार पर जालौन कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. परिजनों को आश्वस्त कर दिया गया है कि नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है.
Input By : प्रवीण द्विवेदी



