जमुई में शख्स ने पत्नी की गला रेतकर की हत्या, फिर सरेंडर करने पहुंच गया थाने, हिरासत में आरोपी

बिहार के जमुई टाउन थाना क्षेत्र के अमरथ नया मोहल्ला में शनिवार (21 फरवरी) और रविवार (22 फरवरी) की मध्य रात्रि को हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया. यहां सनकी पति मोहम्मद इरफान अंसारी ने अपनी ही पत्नी तरन्नुम उर्फ तराना की तेज धार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद वो खुद टाउन थाना पहुंचकर जुर्म को कबूलते हुए सरेंडर कर दिया.
रविवार की सुबह करीब 8:00 बजे एसडीपीओ सतीश सुमन और थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार दल-बल के साथ पहुंचकर घटना में इस्तेमाल तेज धार हथियार को बरामद कर लिया गया है. घटना की जांच पड़ताल की जा रही है. घटनास्थल पर फॉरेंसिक जांच टीम भी पहुंची. घटना का कारण घरेलू विवाद बताया जाता है. वारदात की सूचना इलाके में आग की तरह फैल गई.
जमुई में पत्नी की हत्या के बाद सनसनी
हत्या की इस घटना के बाद वहां पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी. बताया जाता है कि नीमा मोहल्ला निवासी मोहम्मद अनवर अंसारी की पुत्री तरन्नुम उर्फ तराना की शादी 8 साल पहले अमरत नया मोहल्ला निवासी मोहम्मद लुकमान अंसारी के पुत्र इरफान अंसारी के साथ हुई थी. शादी के बाद सबकुछ ठीक-ठाक था, लेकिन इरफान अंसारी शराब का सेवन ज्यादा करता था. शराब पीकर कई बार अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर चुका था. जिसको लेकर पंचायत भी हुई थी.
6 महीने पहले पति-पत्नी के बीच हुई थी सुलह
जानकारी के मुताबिक 6 माह पहले पंचायत कर दोनों के झगड़े को सुलह करा दिया गया था इसके बावजूद मोहम्मद इरफान अंसारी लगातार शराब पीकर बेरहमी से मारपीट करता रहा और कई बार जान मारने की पूर्व में धमकी भी दे चुका था. इसी घरेलू विवाद के रंजिश में मोहम्मद इरफान अंसारी ने तेज धार हथियार से अपनी पत्नी की ही गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी और खुद टाउन थाना पहुंचकर आत्म समर्पण कर दिया. साथ ही पुलिस के सामने सारे जुर्म को कबूल कर लिया.
वारदात के वक्त नशे में था आरोपी पति
बताया जाता है कि घटना के वक़्त मोहम्मद इरफान अंसारी नशे में था. एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि घटना की सूचना के बाद थाना अध्यक्ष के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है. घटना में प्रयुक्त तेज धार हथियार को बरामद किया गया है. फॉरेंसिक जांच टीम को भी बुलाया गया है. घटना की जांच की जा रही है. आरोपी पति को हिरासत में लिया गया है.



