रमजान से पहले खजूरों की गलत पैकेजिंग का खुलासा, खाद्य विभाग ने शुरू किया विशेष चेकिंग अभियान

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के मझोला थाना इलाके के मंडी समिति में खजूरों की गलत पैकेजिंग और मिलावट के आरोपों वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है. रमजान के पवित्र महीने को देखते हुए विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न गोदामों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ और छापेमारी की है.
‘ईशा ट्रेडर्स’ और ‘अल-बदूत’ जैसे बड़े केंद्रों के सामान को किया गया सीज
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने ‘ईशा ट्रेडर्स’ और ‘अल-बदूत’ जैसे बड़े केंद्रों से खजूरों के कई संदिग्ध नमूने भरे और भारी मात्रा में मिसब्रांडेड सामान को सीज कर दिया. वहीं मौके पर मौजूद अधिकारी राजवंश श्रीवास्तव ने कहा कि प्रथम दृष्टया पैकेजिंग में बड़ी अनियमितताएं पाई गई हैं, जिनकी विस्तृत जांच के लिए नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है.
विभाग ने चेतावनी दी है कि लैब रिपोर्ट में मिलावट या मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. केवल छापेमारी ही नहीं, बल्कि प्रशासन आम जनता की सेहत की सुरक्षा के लिए लैब टेस्टिंग वैन के जरिए चौराहों और स्कूलों में जागरूकता अभियान भी चला रहा है, ताकि त्योहारों के सीजन में नागरिकों तक केवल शुद्ध और स्वच्छ खाद्य सामग्री ही पहुंचे.
पूरे मुरादाबाद मंडल में मिलावटखोरों पर विशेष चेकिंग अभियान रहेगा जारी
विभाग के अधिकरी ने कहा कि यह विशेष चेकिंग अभियान पूरे मुरादाबाद मंडल में निरंतर जारी रहेगी ताकि मिलावटखोरों पर नकेल कसी जा सके. मुरादाबाद की नवीन मंडी समिति में रविवार (22 फरवरी) को खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खजूर की बिक्री में अनियमितताओं पर छापा मारी की. वहीं रमजान माह से पहले भी खजूर की बढ़ती मांग के बीच मुनाफाखोरी और खाद्य मानकों की अनदेखी की शिकायतों पर विभाग ने छापेमारी की थी. यह कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव और मंडलीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी कृष्ण गोपाल यादव के नेतृत्व में की गई.
टीम ने मंडी स्थित मेराज फ्रूट्स प्रतिष्ठान पर छापा मारा, जहां बड़ी मात्रा में बिना बैच नंबर पैकिंग विवरण और एक्सपायरी डेट के खजूर बिक्री के लिए रखे मिले. वही यह बिना लेबल के बिक रही थी. खजूर जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि पैकेटों पर आवश्यक जानकारी जैसे बैच नंबर पैकिंग तिथि और एक्सपायरी डेट अंकित नहीं थी, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का स्पष्ट उल्लंघन माना जाता है.
उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने पर होगी सख्त कार्रवाई
नमूने जांच के लिए भेजे गए टीम ने मौके से खजूर के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं साथ ही व्यापार से जुड़े दस्तावेजों की जांच भी जारी है, ताकि सप्लाई चेन और गुणवत्ता की पुष्टि की जा सके.
मंडी में छापेमारी की सूचना मिलते ही मंडी के अन्य व्यापारियों में हड़कंप मच गया और कई दुकानदारों ने तुरंत अपने स्टॉक की जांच शुरू कर दी. विभाग की सख्त चेतावनी खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने और खाद्य मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
रमजान जैसे पवित्र महीने में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि बिना लेबल और संदिग्ध पैकेजिंग वाले खाद्य पदार्थ खरीदने से बचें और किसी भी अनियमितता की सूचना विभाग को दें.



