कोटा: अवैध पिस्टल के साथ यूथ कांग्रेस का नेता गिरफ्तार, कोहिनूर गैंग से खरीदकर बेचने की साजिश

राजस्थान के कोटा शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. बोरखेड़ा थाना पुलिस ने एक युवक को पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि आरोपी कांग्रेस की यूथ विंग से जुड़ा रहा है और वह पहले विधानसभा क्षेत्र का यूथ कांग्रेस अध्यक्ष भी रह चुका है.
पुलिस के अनुसार उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि नया नोहरा रोड इलाके में एक युवक संदिग्ध हालत में घूम रहा है और उसके पास अवैध हथियार हो सकता है. सूचना मिलते ही बोरखेड़ा थाना पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी और कुछ ही देर में संदिग्ध युवक को पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुए.
कोहिनूर गैंग से कनेक्शन की आशंका
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने यह पिस्टल कथित तौर पर कोहिनूर गैंग के कुछ सदस्यों से खरीदी थी. पुलिस को शक है कि वह इस हथियार को आगे किसी और को बेचने की फिराक में था. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हथियार किसे और किस मकसद से बेचा जाना था.
सप्लाई चेन की जांच शुरू
कोटा पुलिस अब पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है. पुलिस द्वारा यह पता लगाया जा रहा है कि हथियारों की सप्लाई चेन में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. साथ ही आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसका किसी बड़े गिरोह या अन्य आपराधिक गतिविधि से सीधा संबंध तो नहीं रहा है.
फिलहाल आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और जल्द ही उसे अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.



