दिल्ली सरकार ने जारी किया एक साल रिपोर्ट कार्ड, BJP प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर बोला हमला

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार की उपलब्धियां गिनवाई. इस मौके पर उन्होंने जहां एक तरफ आगे के एजेंडे का ऐलान किया तो वहीं दूसरी तरफ विपक्ष पर निशाना भी साधा.
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने पत्रकार सम्मेलन आयोजित कर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार को सफल एक वर्ष पूरा करने पर बधाई दी और आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम की शुरुआत लड्डू खिलाकर जश्न के साथ हुई, जहां प्रदेश अध्यक्ष को सरकार की पहली वर्षगांठ की बधाई दी गई.
सचदेवा ने कहा कि दिल्ली की जनता ने संकल्प लिया था कि झाड़ू से कचरा बाहर निकालना है और कमल के रंगों से विकास की रंगोली सजानी है. उन्होंने दावा किया कि 8 फरवरी 2025 को यह संकल्प पूरा हुआ और 27 वर्षों बाद दिल्ली को बीजेपी की संवेदनशील सरकार मिली, जिसके जनता दरबार आम नागरिकों के लिए हमेशा खुले हैं.
एक वर्ष की उपलब्धियों से दिल्लीवासियों को कराया अवगत
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पिछले एक वर्ष की उपलब्धियों से दिल्लीवासियों को अवगत कराया है. उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि उसका दायित्वबोध है. यह सरकार जिम्मेदारी लेती है, हर मुद्दे पर जवाबदेह है और आगे भी रहेगी.
सीवर और जलभराव पर काबू का दावा
सचदेवा ने आरोप लगाया कि पिछले तीन दशकों में कांग्रेस और अरविंद केजरीवाल की सरकारों ने दिल्ली की सीवर व्यवस्था को ठप कर दिया था. उन्होंने कहा कि किराड़ी जैसी नई कॉलोनियों में सीवर लाइन और सफाई के नाम पर घोटाले हुए, जिसके कारण हल्की बारिश में भी दिल्ली जलमग्न हो जाती थी. बीजेपी सरकार ने पहले ही वर्ष में इस स्थिति को नियंत्रित किया और बीते मॉनसून में हालात में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला.
नई इलेक्ट्रिक बसों से बदली सार्वजनिक परिवहन की तस्वीर
उन्होंने कहा कि 11 वर्षों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था लगभग ठप हो गई थी. बीजेपी सरकार ने एक ही वर्ष में करीब 1000 नई इलेक्ट्रिक बसें दिल्लीवासियों को उपलब्ध कराईं, जिससे परिवहन सेवाओं में सुधार हुआ है और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में भी कदम बढ़ा है.
मोहल्ला क्लीनिक बनाम आयुष्मान आरोग्य मंदिर
सचदेवा ने कहा कि पूर्व सरकार ने दिल्ली को मोहल्ला क्लीनिक के नाम पर घोटाला दिया. इसके विपरीत मौजूदा सरकार ने 100 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए हैं, जहां लोगों को प्राथमिक जांच और उपचार की समग्र सुविधा मिल रही है.
अटल कैंटीन की संख्या 150 के पार ले जाने की तैयारी
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने बताया कि सरकार ने हाल ही में 25 अटल कैंटीन आम नागरिकों को समर्पित की हैं. अब राजधानी में कुल 71 नई कैंटीन संचालित हो रही हैं और शीघ्र ही इनकी संख्या 150 के पार पहुंचाने की तैयारी है, जिससे जरूरतमंदों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध होगा.
होली से मुफ्त गैस सिलेंडर और मातृत्व योजना में बढ़ोतरी
सचदेवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए सरकार ने होली से गरीब परिवारों को मुफ्त गैस सिलेंडर देने की घोषणा की है. इसके साथ ही मातृत्व योजना की राशि में वृद्धि कर एक और संकल्प को साकार किया गया है.
मनीष सिसोदिया पर बोला तीखा हमला
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सचदेवा ने पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि लगभग एक वर्ष तक सार्वजनिक रूप से लापता रहने के बाद उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस ने दिल्लीवासियों को चौंका दिया है. सचदेवा ने आरोप लगाया कि दिल्ली में रहते हुए वह मंत्री कम और उगाही निरीक्षक ज्यादा थे और अब पंजाब में सक्रिय हैं.



