दिल्ली में तेज रफ्तार कार ने ली ZOMATO डिलीवरी बॉय की जान, जोरदार टक्कर से मौके पर हुई मौत

दिल्ली में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. राजधानी में एक बार फिर तेज रफ्तार ने एक युवक की जान ले ली. हादसे में बाइक सवार जोमैटो डिलीवरी बॉय की मौत हो गई है. पश्चिमी दिल्ली सुभाष नगर इलाके में तेज रफ्तार कार ने बाइक पर जा रहे जोमैटो डिलीवरी बॉय को जोरदार टक्कर मारी जिसकी मौके पर ही मौत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार चालक नशे की हालत में था और तेज गति से गाड़ी चला रहा था. तेज रफ्तार के चलते कार बेकाबू हो गई और पीछे से बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी की युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबिक गाड़ी के परखच्चे उड़ गए.
दर्दनाक हादसे में कार सवार ने युवक को रौंदा
बताया जा रहा है कि यह हादसा सुभाष नगर इलाके में शनिवार (21 फरवरी) की सुबह करीब 3 बजे हुआ है. नशे की हालत में ड्राइवर ने बाइक सवार जोमैटो बॉय को रौंद दिया. हादसे के तुरंत बाद डिलीवरी बॉय को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया.
मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया है. आरोपी कार चालक का नाम मोहित है. दरअसल हादसा बीती रात 3 बजे के करीब हुआ. सूत्रों के मुताबिक मोहित शादी अटेंड करके आ रहा था जब यह हादसा हुआ.
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही सुभाष नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस ने मौके से शव को बरामद कर अपने कब्जे में लिया. साथ ही साक्ष्य इकट्ठा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस द्वारा मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी खंगालने में लग गई है. पुलिस द्वारा युवक की पहचान की जा रही है. साथ ही उसके परिजनों को भी सूचना दी जा रही है.
फिलहाल पुलिस द्वारा इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है. साथ ही पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है. पुलिस द्वारा कहा गया है कि मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी.



