फिरोजाबाद में दो युवकों के ऊपर हाइ टेंशन लाइन, मौके पर मौत, ग्रामीणों का हंगामा

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में गुरूवार को एका थाना क्षेत्र के गांव पट्टी निवासी प्रदीप और भूपेन्द्र नामक युवक के ऊपर हाई टेंशन लाइन गिरने से करंट लगने के कारण मौत हो गयी. जिसके बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया. घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया और शवों को नहीं उठने दिया. सूचना पर पहुंचे एसडीएम अब्बास नकवी ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया.
घटना के वक्त दोनों युवक रोजाना की तरह सुबह टहलने निकलने थे, लेकिन इस बीच हाइ टेंशन लाइन उनके ऊपर आ गिरी और दोनों की बुरी तरह जलकर मौत हो गयी. दोनों युवकों की मौत से पूरे गांव में मातम है. प्रशासन ने दोनों परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है.
क्या था पूरा घटनाक्रम ?
पट्टी के रहने वाले अशोक कुमार का पुत्र प्रदीप और जगदीश का पुत्र भूपेंद्र गुरुवार की सुबह टहलने के लिए निकले थे. रास्ते मे 11 हजार वोल्ट का बिजली का एक तार टूट कर इन युवकों के ऊपर गिर गया. इससे इन्हें न केवल जोरदार करंट लगा, बल्कि उनके कपड़ों में आग लग गयी. यह दोनों युवक जिंदा जल गए. ग्रामीणों ने बिजली विभाग को जानकारी दी और लाइट कटवाई. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी तादाद में ग्रामीण इकट्ठे हो गए, और उन्होंने पुलिस को जानकारी दी.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश की, तो ग्रामीण भड़क गए और उन्होंने शव को नही उठने दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि तार काफी समय से जर्जर थे, लेकिन उन्हें बदला नहीं गया था.
ग्रामीणों ने लगा दिया जाम-मुआवजे की मांग पर खोला
आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी, घंटा की सूचना के बाद एसडीएम न्यायिक जसराना अब्बास नकवी और तहसीलदार रवीश कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया. एसडीएम अब्बास नकवी ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिलाने का आवश्वासन दिया.
जसराना के क्षेत्राधिकरी प्रेम शंकर पांडेय ने बताया कि एसडीएम जसराना ने पीड़ित परिवार को पांच-पांच लाख रुपये सरकार और पांच-पांच लाख रुपये बिजली विभाग की तरफ से दिलाने का आश्वासन दिया है. साथ ही ग्राम प्रधान से ग्राम सभा की पांच बीघा जमीन को पीड़ित परिवार को देने का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने के लिए कहा है. गांव से 11 हजार की लाइन को भी शिफ्ट करने का भी आश्वासन दिया है.



