UP में 2027 के चुनाव से पहले ओम प्रकाश राजभर का शक्ति प्रदर्शन, आजमगढ़ में करेंगे महारैली

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में हैं. एनडीए गठबंधन का हिस्सा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी 22 फरवरी 2026 को आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा में अहिरौला स्थित जनता इंटर कॉलेज में ‘सामाजिक समरसता महारैली’ का आयोजन करने जा रही है.
पार्टी का दावा है कि इस रैली में एक लाख से अधिक लोगों की मौजूदगी रहेगी. साथ ही दस हजार से ज्यादा प्रबुद्ध ब्राह्मणों के शामिल होने की बात कही जा रही है. सुभासपा इस रैली के जरिए राजभर, ब्राह्मण, क्षत्रिय, चौहान, नाई, निषाद समेत समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर प्रदेश भर में राजनीतिक संदेश देने की कोशिश में है.
आजमगढ़ में सुभासपा करेगी शक्ति प्रदर्शन
रैली में राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना के हजारों कमांडर भी शामिल होंगे, जो संगठन की अनुशासन क्षमता और ताकत का प्रदर्शन करेंगे. पार्टी नेताओं का कहना है कि यह महारैली पूर्वांचल की राजनीति में बड़ा संकेत देगी और एनडीए गठबंधन की मजबूती को दर्शाएगी.
राजनीतिक तौर पर आजमगढ़ समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है. 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने आजमगढ़ के सभी 10 की 10 विधानसभा सीटें जीती थी, लोकसभा में भी आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी जीती थी. 2022 की सरकार बनने के बाद सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर लगातार आजमगढ़ के अतरौलिया विधानसभा में डेरा डाले हुए हैं.
अरुण राजभर ने 8 महीने से डाला डेरा
2022 में फिर से योगी सरकार बनने के बाद और ओम प्रकाश राजभर सपा का साथ छोड़कर एनडीए में शामिल हो गए थे, इसके बाद से राजभर अब तक कई बार आजमगढ़ में डेरा डाल चुके हैं. वहीं ओम प्रकाश राजभर के छोटे बेटे और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर भी यहां लगभग 8 महीने से डेरा डाले हुए हैं.
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर इस रैली को सफल बनाने में लगे हुए हैं. उनका दावा है आजतक इतनी बड़ी रैली आजमगढ़ में कभी किसी ने नहीं कराई होगी. उन्होंने कहा इस रैली से बडा सियासी सन्देश आजमगढ़ में जायेगा और 2027 में एनडीए यहां की सारी सीटें जीतेगी.
यूपी में बीजेपी ने तैयार की 2027 की सियासी पिच, ‘बटुक प्रेम’ के जरिए बड़ा संदेश देने की कोशिश



