देश

मैक्रों ने भारतीयों को दे दिया बंपर ऑफर, ‘फ्रांस आएंगे तो…’, भारत से रिश्तों पर दुनिया को दिया मैसेज

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मशहूर पॉडकास्टर राज शमानी के साथ शो में भारत-फ्रांस संबंधों, तकनीकी सहयोग, वैश्विक शक्ति संतुलन और अमेरिका-चीन के बीच उभरती विश्व व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की. यह एपिसोड ऐसे समय आया है, जब मैक्रों भारत दौरे पर हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी अहम मुलाकात भी प्रस्तावित है.

पॉडकास्ट के दौरान राज शमानी ने मैक्रों से सवाल किया, ‘क्या आपको लगता है कि भारत और फ्रांस एक उदाहरण पेश कर रहे हैं?’ इस पर मैक्रों ने दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग को रेखांकित करते हुए कहा कि विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी लगातार मजबूत हुई है. उन्होंने कहा, ‘आपके देश के साथ कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग की पहल हुई है. मुझे सच में विश्वास है कि जब हम साथ काम करते हैं तो बेहतर परिणाम देते हैं.’

रणनीतिक स्वायत्तता और संतुलित वैश्विक संबंध

मैक्रों ने कहा, ‘फ्रांस और भारत दोनों ही किसी एक महाशक्ति पर निर्भर नहीं रहना चाहते. हम दो बड़ी शक्तियों में से किसी एक पर निर्भर नहीं होना चाहते. हम अमेरिका और चीन दोनों के साथ अच्छे संबंध रखना चाहते हैं. भारत और फ्रांस के इन दोनों देशों के साथ अलग-अलग रिश्ते हैं.’ मैक्रों ने स्पष्ट रूप से कहा, ‘हम इस दृष्टिकोण के समर्थक हैं.’ 

भारतीय छात्रों के लिए फ्रांस का संदेश

पॉडकास्ट के दौरान मैक्रों ने भारतीय छात्रों को फ्रांस आने का निमंत्रण भी दिया. उन्होंने कहा, ‘मैं भारतीय छात्रों को यह संदेश देना चाहता हूं कि यदि आप फ्रांस आते हैं तो आपको उच्च गुणवत्ता वाले विश्वविद्यालयों और संस्थानों तक पहुंच मिलेगी.’ उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फ्रांस में पढ़ाई के लिए अंग्रेजी भाषा में पर्याप्त अवसर उपलब्ध हैं. फ्रांस बड़ी कंपनियों, प्रतिष्ठित संस्थानों और यूरोप के सबसे जीवंत स्टार्टअप एवं इनोवेशन इकोसिस्टम बनाता है. फ्रांस पिछले कुछ वर्षों से भारतीय छात्रों की संख्या बढ़ाने के प्रयास कर रहा है. तकनीक, प्रबंधन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अनुसंधान के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग तेजी से बढ़ रहा है.

मुंबई दौरा और प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात

फ्रांसीसी राष्ट्रपति मंगलवार को मुंबई पहुंचे, जहां उनका स्वागत महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया. उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार भी इस मौके पर मौजूद थे. मुंबई आगमन के बाद मैक्रों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात निर्धारित है, जिसमें रक्षा सहयोग, निवेश, तकनीकी साझेदारी और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की संभावना है. यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब वैश्विक स्तर पर शक्ति संतुलन बदल रहा है और भारत-फ्रांस संबंधों को नई रणनीतिक अहमियत मिल रही है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!