दिल्ली के नंद नगरी में खूनी वारदात, बेटे के इगड़े में समझाने गए पिता की गोली मारकर हत्या

दिल्ली के नंद नगरी इलाके में मंगलवार (17 फरवरी) शाम एक मामूली झगड़ा खूनी वारदात में बदल गया. जहां अपने 15 साल के बेटे को बचाने पहुंचे पिता की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है. जानकारी के मुताबिक, बी-2 ब्लॉक का रहने वाला दसवीं कक्षा का छात्र तहजीम मंगलवार शाम ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था. जैसे ही वो ए-2 ब्लॉक स्थित बड़े स्कूल के पास पहुंचा, उसने देखा कि कुछ लड़के उसके तीन दोस्तों की पिटाई कर रहे है.
तहजीम ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो हमलावरों ने उसे भी पकड़ लिया और बेरहमी से पिटना शुरू कर दिया. लड़के ने किसी तरह अपने पिता मोहम्मद उमरदीन को फोन किया और कहा कि उसे बचाने तुरंत पहुंचें.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार
बेटे का फोन मिलते ही मोहम्मद उमरदीन अपनी पत्नी राबिया के साथ मौके पर पहुंचे. वहां मौजूद लोगों के मुताबिक, उमरदीन ने जैसे ही हमलावरों को समझाने की कोशिश की, वैसे ही उनमें से एक युवक ने पिस्टल निकाल ली. पहले उसने हवा में कई राउंड फायर किए, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद आरोपी ने उमरदीन को गोली मार दी. गोली लगते ही वो जमीन पर गिर गया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घायल उमरदीन को तुरंत गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
लोगों ने पिता के शव को रखकर किया रोड जाम और मांग इंसाफ
सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंची और सुबूत जुटाए. वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस ने हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और कई टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है. इस वारदात के बाद बुधवार (18 फरवरी) को लोगों ने उमरदीन के शव को रख कर रोड जाम कर दिया और इंसाफ की मांग की. लेकिन थोड़ी देर बाद पुलिस के समझाने पर लोगों ने रास्ता खोल दिया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही उमरदीन के कातिलों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.



