दिल्ली-NCR में वायु गुणवत्ता में सुधार, ग्रैप-2 के प्रतिबंध हटाए गए

दिल्ली-NCR की हवा थोड़ी साफ हुई है. वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद ग्रैप-2 के प्रतिबंध हटा दिए गए हैं. वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (GRAP) के दूसरे फेज के तहत लागू पाबंदियों को बुधवार (18 फरवरी) को हटा दिया. बारिश के बाद मौसम संबंधी अनुकूल परिस्थितियों के बाद ये सुधार देखा गया है. अधिकारियों ने इस संबंध में जानकारी दी है.
सीएक्यूएम के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा, “मौसम संबंधी अनुकूल परिस्थितियों की वजह से दिल्ली के एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) में सुधार हुआ है और आज शाम चार बजे यह 214 दर्ज किया गया. साथ ही भारत मौसम विज्ञान विभाग और भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में एक्यूआई ‘खराब’ या ‘मध्यम’ श्रेणी में रह सकता है.”
GRAP 2 restrictions revoked in Delhi-NCR as air quality improves. pic.twitter.com/p9Y8wIjKkB
— ANI (@ANI) February 18, 2026
पिछले साल 14 और 19 अक्टूबर से लागू थे ग्रैप-2 प्रतिबंध
ग्रैप के फेज-1 और फेज-2 के प्रतिबंध क्रमशः पिछले साल 14 और 19 अक्टूबर से लागू थे. बुधवार (18 फरवरी) को दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश हुई और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सुबह नौ बजे दिल्ली का एक्यूआई 227 दर्ज किया गया जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है.
बारिश के बाद न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में बुधवार को हल्की बारिश के बाद न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में औसत से 4.8 डिग्री अधिक है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है. इसके साथ ही कुछ जगहों पर फिर से हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई गई है.
सीपीसीबी के मुताबिक शून्य से 50 के बीच के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) को ‘अच्छा’ माना जाता है. वहीं, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ कैटेगरी में वर्गीकृत करता है.



