राज्य

हॉस्टल में विवाद के बाद 21 साल के छात्र की हत्या, चाकू से गौदा, पुलिस ने 4 को किया अरेस्ट

Maharashtra News: महाराष्ट्र के लातूर शहर के औसा रोड इलाके में हॉस्टल में विवाद के दौरान दो गुटों के बीच हुई मारपीट में एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान 21 साल के विक्रम पांचाल के रूप में हुई है. यह घटना पुरणमल लाहोटी शासकीय तकनीकी संस्थान के छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद सामने आई.

जानकारी के मुताबिक, छात्रों के बीच मामूली कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. इसी दौरान विक्रम पांचाल पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना में दो अन्य छात्र भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है.

मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अदालत ने सभी आरोपियों को 21 तारीख तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है. पिछले पंद्रह दिनों में लातूर शहर में ऐसी दूसरी बड़ी हिंसक घटना सामने आने के बाद पुलिस ने शहर में सरप्राइज कोंबिंग ऑपरेशन शुरू करने का फैसला किया है. स्थिति को देखते हुए पुलिस बंदोबस्त बढ़ा दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है.

अहिल्यानगर में बेटे ने ही मां को मार डाला

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर के सावेडी उपनगर से भी एक ओर हत्या की खबर सामने आई है, यहां गुलमोहर रोड पर नवलेनगर इलाके में बेटे ने ही अपनी मां की बेरहमी से हत्या कर दी. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. संदिग्ध बेटे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. मृत महिला का नाम बेबी गवारे है.

मां के शव के पास कंचे से खेला

मिली जानकारी के मुताबिक, घरेलू मामूली बात पर सुहास गवारे उर्फ मामा ने अपनी मां से झगड़ा किया और उसे पीटा. इसमें सुहास गवारे ने अपनी मां को दीवार पर पटक दिया और कैंची से उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. खास बात यह है कि आरोपी सुहास गवारे ने मां के शव के पास ही कंचे खेलते हुए खुद को घर में बंद कर लिया था.

इससे प्रथम दृष्टया वह मनोरोगी प्रतीत होता है. सूचना मिलने पर तोफखाना पुलिस ठाणे की टीम मौके पर पहुंची. उप-विभागीय पुलिस अधिकारी दिलीप टिपरसे और पुलिस निरीक्षक जगदीश बांबले ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है. फिलहाल संदिग्ध सुहास गवारे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और तोफखाना पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक जगदीश बांबले ने बताया कि आगे की जांच जारी है. 

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!