जयपुर एयरपोर्ट में कुत्ते ने विदेशी महिला को काटा, लहूलुहान हुआ पैर

जयपुर अतंरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के टर्मिनल-2 पर रविवार (15 फरवरी) को दोपहर एक कुत्ते ने दिल्ली से यहां पहुंची विदेशी महिला यात्री को काट लिया, जिससे उसके पैर से खून निकलने लगा. वहां मौजूद लोगों ने महिला को तुरंत संभाला और एयरपोर्ट मैनेजमेंट को इसकी सूचना दी.
इसके बाद महिला को निजी अस्पताल ले जाया गया. हवाई अड्डा प्रबंधन ने बताया कि विदेशी महिला यात्री बेट-एल नूरियल दोपहर दो बजे दिल्ली से जयपुर पहुंची थी.
इजराइल से भारत घूमने आई है महिला
एक अधिकारी ने बताया कि 37 वर्षीय नूरियल इजराइल से भारत घूमने आई हैं और उनके साथ एक अन्य विदेशी यात्री भी था. नूरियल हवाई अड्डे से बाहर निकल रही थी, तभी आगमन क्षेत्र के द्वार के बाहर एक कुत्ते ने उनपर हमला किया.
विदेशी महिला के पैर पर काटा
उन्होंने बताया कि कुत्ते ने महिला के पैर पर काट लिया, जिससे उसके पांव से खून बहने लगा जिसके बाद आस-पास मौजूद यात्रियों ने शोर मचाकर कुत्ते को भगाया.
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद हवाई अड्डा कर्मचारियों ने मौके पर प्राथमिक उपचार दिया और घायल महिला को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया और उन्हें इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. एयरपोर्ट मैनेजमेंट के मुताबिक, कुत्ते का पहले ही टीकाकरण किया जा चुका है और इस वजह से खतरे की कोई बात नहीं है.
कई बार सामने आ चुकीं ऐसी घटना
जयपुर अतंरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहले भी कई बार कुत्तों द्वारा यात्रियों को काटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. इसके बावजूद हवाई अड्डा परिसर में आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है.
एयरपोर्ट मैनेजमेंट ने क्या कहा?
एयरपोर्ट मैनेजमेंट का कहना है कि दिशा-निर्देशों के तहत कुत्तों को पकड़कर दूसरी जगह नहीं छोड़ा जा सकता. मैनेजमेंट ने ये भी कहा कि नगर निगम को कई बार इस संबंध में सूचना दी जा चुकी है. इसके अलावा हवाई अड्डे पर बाड़ लगाने का कार्य भी चल रहा है, जिसके पूरा होने के बाद कुत्तों का प्रवेश रोका जा सकेगा.



