राज्य

पटना में अनोखा प्रोटेस्ट, महाशिवरात्रि पर कर्मचारियों ने की CM नीतीश कुमार और स्वास्थ्य मंत्री की पूजा-आरती

महाशिवरात्रि पर शिव भक्त आज (15 फरवरी) शिवालयों में और कुछ अपने घरों पर भी बाबा भोलेनाथ और माता पार्वती की पूजा अर्चना कर रहे हैं. लेकिन बिहार सरकार के कर्मचारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे की पूजा आरती करने में जुटे रहे. पटना में आज अनोखा नजारा दिखा, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और स्वास्थ मंत्री मंगल पांडे की तस्वीर रखकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने आरती मंगल करते हुए अनोखा प्रदर्शन किया. इस दौरान ‘तुम ही हो माता, पिता तुम ही हो’ का मंगल भक्ति गीत भी गाए.

ये सभी कर्मचारी एनएचएम के तहत कार्यरत लेखा प्रबंधक हैं जिसे अकाउंट मैनेजर भी कह सकते हैं. यह सभी अलग-अलग जिलों के अलग-अलग प्रखंडों में कार्यरत हैं. आज पटना में सभी कर्मचारी एक जगह इकट्ठा हुए और मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री की तस्वीर की आरती की, साथ ही अपनी मांगों को लेकर तख्ती भी रखे हुए थे. इनलोगों की कई सालों से मांग रही है कि हमें पब्लिक हेल्थ मैनेजमेंट कैडर में शामिल किया जाए. इसे लेकर इनलोगों ने कई बार आंदोलन भी किया. लेकिन अभी तक जब बात नहीं बनी तो अब मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री की ही पूजा अर्चना करने लगे.

पूजा के जरिए गुहार लगाकर कैडर में शामिल करने की मांग

कैडर में शामिल करने की मांग को लेकर ये लोग सीएम नीतीश और स्वास्थ्य मंत्री से पूजा के माध्यम से गुहार लगा रहे हैं. स्वास्थ्य प्रबंधक गायत्री गुप्ता ने कहा, ”हमलोगों ने सम्मानजनक कैडर के लिए आज सबसे पहले मंदिर में जाकर भगवान भोलेनाथ की पूजा की है उसके बाद अपने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के हार मनुहार के लिए आए हैं, उनकी आरती उतार रहे हैं. भगवान का आशीर्वाद लेकर अब इनको मनाने के लिए आये है. क्योंकि भगवान ने तो आशीर्वाद दे दिया तब यहां हम पहुंचे हैं. अब ये दोनों मान जाएं तो होली के समय तक कुछ खुशखबरी मिल जाए.

सीएम और स्वास्थ्य मंत्री की पूजा कर कैडर में शामिल करने की मांग

गीता कुमारी ने कहा, ”भगवान की पूजा के बाद हम लोग अपने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री जी की पूजा करने के लिए आ गए. हमलोग विनती कर रहे हैं कि होली तक हम लोग को कैडर में शामिल कर लें ताकि हम लोग होली अच्छे से मना सकें.” स्वास्थ्य प्रबंधक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि चुनाव से पहले स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे की जी के द्वारा आश्वासन दिया गया था कि चुनाव के बाद हम आप लोग को अलग-अलग कैडर में शामिल कर लेंगे लेकिन चुनाव खत्म हो गया. फिर से वह स्वास्थ्य मंत्री बन गए, नीतीश कुमार जी ने मुख्यमंत्री का पद संभाल लिया लेकिन अभी तक हम लोगों को कैडर से वंचित रखा गया.

उन्होंने आगे कहा, ”आज महाशिवरात्रि का दिन है, सब लोग भगवान भोलेनाथ की पूजा कर रहे हैं और हम इन लोगों की पूजा कर रहे हैं. महासचिव चंदन कुमार ने कहा कि शिव से ज्यादा हम लोग इन दोनों का को महत्व दे रहे हैं. हम लोग से जूनियर कर्मचारियों का लेवल 5 -6 दे दिया गया और हम लोग को कैडर में शामिल नहीं किया गया है. इस कारण हम लोग इनकी आराधना कर रहे हैं क्योंकि हमारे आराध्य यही दोनों हैं.” कुल मिलाकर कर्मचारियों ने पूजा अर्चना के बहाने प्रोटेस्ट का नया तरीका अपनाया है और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करने के बजाय आरती मंगल करना शुरू कर दिया.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!