राज्य

जयपुर में रफ्तार बनी काल, फुटपाथ पर सब्जी बेच रहे युवक को कार ने कुचला, CCTV में कैद हुआ हादसा

राजधानी जयपुर के टोंक रोड स्थित महावीर नगर में तेज रफ्तार कार ने ऐसा कहर बरपाया कि देखने वालों की रूह कांप गई. फुटपाथ पर रोज की तरह सब्जी की रेहड़ी लगाकर अपना गुजारा कर रहे महेश सैनी की इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही मौत हो गई. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सामने आया है.

बेकाबू कार ने कई गाड़ियों को मारी टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार काफी तेज रफ्तार में थी और अचानक अनियंत्रित हो गई. सबसे पहले उसने सड़क पर खड़ी दो बाइक और एक बैटरी रिक्शा को टक्कर मारी.

इसके बाद कार सीधे फुटपाथ की ओर मुड़ी, जहां महेश सैनी अपने बेटे के साथ सब्जी बेच रहे थे. कार ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि महेश कई फीट दूर जा गिरे और कार का अगला हिस्सा उन्हें कुचलता हुआ निकल गया.

बेटे की हालत गंभीर, कार सवार भी घायल

हादसे में महेश सैनी के साथ मौजूद उनका बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि कार में बाहर से आए कुछ पर्यटक सवार थे. यह एक टैक्सी कार थी.

चश्मदीदों का कहना है कि कार में बैठे यात्रियों ने ड्राइवर को कई बार गाड़ी धीरे चलाने को कहा था, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी. हादसे में कार सवार कुछ लोग भी घायल हुए हैं.

पुलिस ने ड्राइवर को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला. आरोपी ड्राइवर जसवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.

दो दिन पहले हुए इस हादसे का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में गुस्सा है. स्थानीय लोग रफ्तार पर लगाम लगाने और इलाके में सख्त ट्रैफिक निगरानी की मांग कर रहे हैं.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!