वैलेंटाइन डे पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने मुस्लिम नौजवानों से की खास अपील, कहा- ‘इस्लाम में…’

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा है कि, “हर दौर में कौमों की पहचान उनके अकीदा और कल्चर से होती है, जब कोई कौम मानसिक गुलामी का शिकार हो जाए तो वो दूसरों के अकीदा और मजहब अपना लेने के बराबर होता है. इसी को वैलेंटाइन डे कहते हैं. इस तरह के कार्यक्रमों का इस्लाम धर्म में कोई जगह नहीं है, बल्कि ये इस्लाम के विपरीत है.”
‘शरियत की रौशनी में वैलेंटाइन डे मनाना नाजायज’
मौलाना ने कहा कि शरियत की रोशनी में वैलेंटाइन डे मनाना नाजायज है, इसलिए पैगम्बरे इस्लाम ने फरमाया कि हया का ख्याल रखो , इंसान के अंदर 60 से ज्यादा खूबिया है, उन में हया मुख्य है. उन्होंने कहा कि, पैगम्बरे इस्लाम एक हदीस में फरमाते हैं कि जो कौम दूसरे धर्म का कल्चर अपनाती है, उसको उसी के साथ शुमार किया जाएगा.
मुस्लिम युवक-युवतियों से वैलेंटाइन डे न मनाने की अपील
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा कि, “मैं तमाम मुस्लिम नौजवान लड़के और लड़कियों से गुजारिश करूंगा कि शरियत के हुक्म को माने और वैलेंटाइन डे हरजिग न मनाएं.” आपको बता दें कि ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी अक्सर अपनी बेबाक बयानबाजी के लिए जाने जाते हैं.
संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही पुलिस
वैलेंटाइन डे के मद्देनजर बरेली पुलिस ने शहर के पार्कों को अपने रडार पर लेने के साथ ही सख्ती की है. शहर के प्रमुख पार्क, गांधी उद्यान पार्क में पुलिस ने सुबह से डेरा डाल रखा है. पुलिस इस दौरान संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है. वहीं महिला पुलिस भी पार्क में आने वाले जोड़ों पर नजर बनाए हुए है. हालांकि पार्क में पुलिस की सख्ती और हिंदू संगठनों के विरोध के चलते सुरक्षित जगहों पर जाना पसंद कर रहे है.



