‘BCCI में अगर थोड़ा भी राष्ट्रवाद या देशभक्ति बची है तो…’, भारत-पाक मैच पर वारिस पठान का बड़ा बयान

मुंबई में AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पाकिस्तान से क्रिकेट मैच खेलना शहीदों का अपमान है और इसे तुरंत रोका जाना चाहिए.
पठान ने अपने बयान में पुलवामा हमले, 26/11 मुंबई हमले, पहलगाम और हालिया रेड फोर्ट ब्लास्ट का जिक्र करते हुए कहा कि इन सभी घटनाओं में पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठनों का नाम सामने आया है. उन्होंने कहा कि जब देश आतंकवाद का दर्द झेल चुका है, तो ऐसे में पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच खेलना समझ से परे है.
‘पुलवामा और रेड फोर्ट ब्लास्ट में जैश का नाम’
वारिस पठान ने कहा, “पुलवामा आतंकी हमले और लाल किले पर हुए विस्फोट में जैश-ए-मोहम्मद का नाम आ रहा है. ये सभी पाकिस्तानी आतंकी संगठन हैं. हमने ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव किया लेकिन इसके बाद भी भारत पाकिस्तान के साथ मैच खेल रहा है. हम उन बहनों को क्या जवाब देंगे जिनकी मांग का सिंदूर उजाड़ दिया पाकिस्तान ने. यह बहुत शर्मनाक बात है.”
उन्होंने आगे कहा, “बड़ा अफसोस और ताज्जुब की बात है कि आज पुलवामा अटैक को 7 साल हो गए, जिसमें जैश-ए-मोहम्मद का नाम सामने आया था. अभी जो नई रिपोर्ट आई है, रेड फोर्ट ब्लास्ट की, जिसमें 15 लोगों की जानें चली गईं, उसमें भी किसका नाम आ रहा है? जैश-ए-मोहम्मद. ये पाकिस्तान-आधारित आतंकवादी संगठन हैं और हमने हमेशा कहा है कि पाकिस्तान आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देता है, आतंकवादी गतिविधियां करता है. हमने पुलवामा देखा, 26/11 देखा, पहलगाम देखा और अब लाल किला भी देख लिया.”
उन्होंने सीधे तौर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जय शाह और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का नाम लेते हुए कहा, “मैं कहना चाहूंगा अमित शाह, जय शाह और बीसीसीआई में अगर थोड़ा भी राष्ट्रवाद या देशभक्ति बची हुई है, तो भारत को पाकिस्तान से मैच नहीं खेलना चाहिए.”
‘बहनों को क्या जवाब देंगे?’
वारिस पठान ने भावुक अंदाज में कहा, “हम क्या जवाब देंगे उन बहनों को, जिनका पहलगाम में सिंदूर उजाड़ दिया गया? पाकिस्तान के आतंकवादियों ने मजहब के नाम पर वहां के पर्यटकों को उनकी बीवी-बच्चों के सामने गोली मार दी. हम टीवी खोलकर देखेंगे तो क्या जवाब देंगे? क्या हमारी बहनों का सिंदूर याद नहीं आएगा? और किस लिए चुनिंदा रुपयों के लिए? वारिस पठान ऐसे रुपयों पर थूकता है, जहां मेरे देश की मान-मर्यादा और इज्जत का सवाल हो.”
उन्होंने कहा कि देश देख रहा है कि कौन सच्चा राष्ट्रवादी है. उन्होंने कहा, “अब ये मैच खेल रहे हैं. हाल ही में जो रिपोर्ट आई है, रेड फोर्ट के अंदर की, मैं साफ बोलना चाहता हूं, देश देख रहा है कि कौन बड़ा राष्ट्रवादी है और कौन बड़ा देशभक्त. देश देख रहा है. वारिस पठान इसका विरोध कर रहा है कि भारत को पाकिस्तान से मैच नहीं खेलना चाहिए.”
उन्होंने आगे कहा, “हमने उनसे व्यापारिक संबंध खत्म कर दिए, उनके सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, उनके अभिनेता, फिल्म स्टार सभी को बैन कर दिया. हर रिश्ता-नाता पाकिस्तान से तोड़ दिया. उसके बावजूद भारत पाकिस्तान के साथ मैच खेल रहा है. यह बहुत ही शर्मनाक है और मैं बीसीसीआई से कहूंगा कि इसे रोकना चाहिए, मैच नहीं होना चाहिए.”
अपने बयान के अंत में उन्होंने कहा, “देखिए, यही तो बुरा लगता है. पाकिस्तान की क्या औकात है? एक छोटा-सा मुल्क है और वह कह रहा है कि हम मैच नहीं खेलेंगे. हम तो चाहते थे कि भारत खड़ा होकर कहे पाकिस्तान, हमें तेरे साथ मैच नहीं खेलना है. हमें तेरे साथ कोई रिश्ता नहीं रखना है. यही जज्बा होना चाहिए था, यही जोश.”



