राज्य

सीकर: शिवरात्रि से पहले गणेश्वर धाम में सूटकेस ब्लास्ट, कुंड की दीवारें चटकीं, मचा हड़कंप

राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध आस्था के केंद्र गणेश्वर तीर्थ धाम पर उस समय हड़कंप मच गया, जब पवित्र कुंड में फेंके गए एक संदिग्ध सूटकेस में जोरदार विस्फोट हुआ.

महाशिवरात्रि के पर्व से ठीक पहले हुई इस घटना ने पुलिस और प्रशासन की नींद उड़ा दी है. गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन धमाके की तीव्रता इतनी भीषण थी कि कुंड की ऐतिहासिक दीवारों में दरारें आ गईं और पानी उछलकर बाहर आ गया.

फोन पर पूछा- ‘अभी क्या करना है’, फिर फेंका सूटकेस

घटना के वक्त धाम परिसर में जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा था. प्रत्यक्षदर्शी मजदूर सुरेश कुमार ने बताया कि बाइक पर सवार होकर दो संदिग्ध युवक वहां पहुंचे थे. उनके हाथों में एक सूटकेस और नारियल की थैली थी. वे फोन पर किसी से बात कर रहे थे और पूछ रहे थे, “अभी क्या करना है?” संभवतः निर्देश मिलते ही उन्होंने सूटकेस कुंड में फेंक दिया. मजदूर कुछ समझ पाते, इससे पहले ही एक के बाद एक तीन जोरदार धमाके हुए. धमाका होते ही मजदूर काम छोड़कर जान बचाने के लिए भाग खड़े हुए.

धमाके से उड़े सूटकेस के परखच्चे

विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि सूटकेस के टुकड़े-टुकड़े हो गए और पूरा परिसर धुएं से भर गया. कुंड की चारदीवारी पर विस्फोटक सामग्री के निशान फैल गए हैं. धमाके की गूंज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

पुलिस छावनी बना तीर्थ धाम

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं. शिवरात्रि के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस अब उन दो संदिग्ध बाइक सवारों की सरगर्मी से तलाश कर रही है. यह कोई आतंकी साजिश है या शरारत, पुलिस हर पहलू से इसकी जांच कर रही है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!