आजमगढ़

Azamgarh News: 501 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा के साथ पटवध कौतुक प्राचीन शिव मंदिर में श्री राम कथा एवं मानस महायज्ञ का शुभारंभ

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज विकासखंड अंतर्गत स्थित पटवध कौतुक प्राचीन शिव मंदिर परिसर गुरुवार को भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा, जब श्री मानस महायज्ञ एवं श्री राम कथा के पावन अवसर पर 501 कन्याओं ने हाथी-घोड़े और गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली। पूरा क्षेत्र “हर हर महादेव” और “जय श्री राम” के जयघोष से आलोकित हो उठा।
कलश यात्रा प्राचीन शिव मंदिर पटवध कौतुक से प्रारंभ होकर पटवध कौतुक गांव होते हुए सरैया बाजार तक गई और पुनः मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुई। सिर पर कलश धारण किए सैकड़ों कन्याओं की आस्था और श्रद्धा ने वातावरण को दिव्य बना दिया। ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यह धार्मिक आयोजन आज से प्रारंभ होकर 21 फरवरी तक चलेगा तथा 22 फरवरी को भव्य भंडारे के साथ इसका समापन होगा। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विशाल एवं सुसज्जित पंडाल की उत्तम व्यवस्था की गई है, जिससे दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम में विद्वान आचार्य श्रीकांत पांडेय एवं अन्य आचार्यों के सान्निध्य में वैदिक विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया जाएगा। वहीं प्रतिदिन सायं 5:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक आयोजित श्री राम कथा में पूज्य पंडित ललित गिरी महाराज जी अपने अमृतमय वचनों से श्रद्धालुओं को राम भक्ति के रस में सराबोर करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सजग रहा। कलश यात्रा के दौरान थाना अध्यक्ष बिलरियागंज अपने हमराहियों के साथ प्रारंभ से लेकर समापन तक मौजूद रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
समूचे क्षेत्र में इस आध्यात्मिक आयोजन को लेकर विशेष उत्साह एवं श्रद्धा का वातावरण है। धर्म, भक्ति और संस्कृति का यह संगम जनमानस के हृदय को भावविभोर कर रहा है।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!