राज्य

ग्रेटर नोएडा: ‘ये सिर्फ डिग्री नहीं, सच्चे अर्थों में शिक्षा हासिल करने का समय’, बोले बिहार के राज्यपाल

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित एक निजी इंस्टीट्यूट में आयोजित दीक्षांत समारोह में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे. अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा जर्मनी की यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में बड़ी संख्या में पीएचडी करने वाले हिटलर और भारत में गांधी पैदा होते हैं. इस उदाहरण के माध्यम से उन्होंने शिक्षा के स्वरूप और उसके मूल्यों पर जोर दिया. 

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि शिक्षा हर व्यक्ति के जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. शिक्षा ही संस्कृति, ज्ञान और भाईचारे को बढ़ावा देती है. उन्होंने कहा कि विदेशी भी भारतीय शिक्षा प्रणाली से प्रभावित हैं. शिक्षा से ही अच्छे संस्कार, मानवता और लोगों के बीच आपसी निकटता विकसित होती है. भारतीय शिक्षा की विशेषता यह है कि वह राष्ट्रीय भावना को प्रोत्साहित करती है. उन्होंने छात्रों से कहा कि यह समय केवल डिग्री प्राप्त करने का नहीं, बल्कि सच्चे अर्थों में शिक्षा हासिल करने का है.

पीजीडीएम के छात्रों की मेहनत और अनुशासन की सराहना

उन्होंने पीजीडीएम जैसे चुनौतीपूर्ण और व्यावसायिक पाठ्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करने पर छात्रों की मेहनत, अनुशासन और संकल्प की सराहना की. उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह में दी गई उपाधि छात्रों को पहचान जरूर देती है, लेकिन चरित्र, दृष्टिकोण, संस्कृति और नैतिक मूल्यों का निर्माण खुद करना होता है. तकनीक, डिजिटल अर्थव्यवस्था, डेटा एनालिटिक्स और एआई के इस दौर में प्रबंधन शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधार शिला है.

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्रीय महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी ने भी छात्रों को राष्ट्रहित, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया. समारोह के दौरान संस्थान के 290 से अधिक छात्रों को उपाधियां प्रदान की गईं.

Input By : रविन्द्र जयंत

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!