आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी:सरायमीर पुलिस का ऑपरेशन सफल:ठगी कांड का पर्दाफाश,एक आरोपी गिरफ्तार


सरायमीर पुलिस की बड़ी कामयाबी:थाना प्रभारी भुवनेश चौबे के नेतृत्व में 2 लाख की ठगी का खुलासा, 1.90 लाख रुपये बरामद
आजमगढ़। जनपद के थाना सरायमीर में जब से थाना प्रभारी निरीक्षक भुवनेश चौबे ने कार्यभार संभाला है, तब से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई देखने को मिल रही है। उनके कुशल नेतृत्व और सख्त कार्यशैली का ही परिणाम है कि सरायमीर पुलिस ने एक बड़ी ठगी का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और 1,90,000 रुपये नगद बरामद कर लिए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी नन्दलाल निषाद पुत्र स्व० जेठू निषाद निवासी ग्राम पश्चिम पट्टी थाना अहिरौला जनपद आजमगढ़ ने थाना सरायमीर में लिखित तहरीर देकर बताया कि लगभग एक माह पूर्व धर्मेन्द्र पुत्र लालजीत निवासी कमरावा थाना गंभीरपुर जनपद आजमगढ़ ने झाड़-फूंक के बहाने उनसे संपर्क किया।उसने अपने साथी रामआशीष मौर्या पुत्र लल्लन मौर्या निवासी जमुवावा थाना बरदह जनपद आजमगढ़ के पास 20 किलो चाँदी और 2 सोने की ईंट होने का लालच दिया।दिनांक 10 फरवरी 2026 को छित्तेपुर पेट्रोल पंप के पास दोनों आरोपियों ने वादी से 2,00,000 रुपये लेकर कागज में लिपटे दो थैले थमा दिए और मौके से फरार हो गए। बाद में जब वादी ने थैला खोला तो उसमें पीतल के टुकड़े मिले, जिससे ठगी का खुलासा हुआ।तहरीर के आधार पर थाना सरायमीर में मु0अ0सं0 39/2026 धारा 318(4)/317(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया और थाना प्रभारी भुवनेश चौबे के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
झाड़-फूंक के बहाने 2 लाख की ठगी, सरायमीर पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ा
मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई
दिनांक 12 फरवरी 2026 को उपनिरीक्षक प्रशान्त सिंह मय हमराह टीम क्षेत्र में गश्त एवं वांछित अभियुक्त की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी खण्डवारी नहर पुलिया के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए लगभग 20 कदम की दूरी पर उसे दबोच लिया।पूछताछ में उसने अपना नाम धर्मेन्द्र कुमार पुत्र लालजीत निवासी कमरावा थाना गंभीरपुर जनपद आजमगढ़ बताया और घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। तलाशी के दौरान उसके पास से ठगी की रकम में से 1,90,000 रुपये नगद बरामद किए गए। अभियुक्त को शाम 17:07 बजे विधिक कार्यवाही करते हुए हिरासत में ले लिया गया।
फरार आरोपी की तलाश जारी
इस मामले में दूसरा आरोपी रामआशीष मौर्या अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयासरत है।
थाना प्रभारी भुवनेश चौबे की सराहनीय भूमिका
थाना प्रभारी निरीक्षक भुवनेश चौबे के नेतृत्व में सरायमीर पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है।उनकी रणनीतिक कार्ययोजना, सक्रिय निगरानी और टीमवर्क की बदौलत क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस की तत्परता और पारदर्शिता की प्रशंसा की है।सरायमीर पुलिस की यह कार्रवाई न सिर्फ ठगों के लिए चेतावनी है, बल्कि आम जनता के बीच विश्वास को भी मजबूत करती है कि कानून के हाथ लंबे हैं और अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।



