‘मैं राजेश कुमार सिंह पार्सल अधीक्षक हूं’, कानपुर के बाद अब मऊ का वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश में जातीय बयानबाजी का क्रम थमने का नाम नहीं ले रहा है. कानपुर के एचडीएफसी (HDFC) बैंक का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि मऊ से जाति बताकर ‘रौब झाड़ने’ का मामला सामने आया है. मऊ जनपद का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से ट्रेंड करने लगा है. इस बार वायरल वीडियो में मऊ के पार्सल अधीक्षक राजेश कुमार सिंह किसी मुद्दे को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक जवान से बहस करते नजर आ रहे हैं.
वह बोल रहे हैं, ‘मैं राजेश कुमार सिंह पार्सल अधीक्षक हूं’. वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं. हालांकि इस पूरे प्रकरण की वास्तविक वजह क्या है, इसे लेकर अभी तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. हाल में ‘मैं ठाकुर हूं’ और ‘मैं ब्राह्मण हूं’ सोशल मीडिया पर वायरल हुआ.
छत्तीसगढ़ में पोस्टेड है RPF जवान- सूत्र
सूत्रों की माने तो सामने वाला आरपीएफ का जवान बताए जाने वाला अमित कुमार यादव छत्तीसगढ़ में पोस्टेड है. यह मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. यह अपना सामान बुकिंग करने मऊ के पार्सल ऑफिस पहुंचे थे. वहीं पार्सल अधीक्षक की बात से यह समझ में आ रहा है कि व्यक्ति गाड़ी लेकर कार्यालय तक चला गया है, ऐसा बातों से प्रतीत हो रहा है. प्रशासनिक स्तर पर भी ऐसे मामलों की सत्यता की जांच के बाद ही कोई आधिकारिक बयान आने की संभावना है.
जांच के बाद ही सामने आएगी पूरी हकीकत
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे किसी भी वीडियो या सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करना आवश्यक है, ताकि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचा जा सके.अब देखना यह होगा कि मऊ के इस ताजा मामले में जांच के बाद क्या तथ्य सामने आते हैं और वास्तविक स्थिति क्या है.
Input By : राहुल सिंह



