राज्य

ग्रेटर नोएडा: वैलेंटाइन डे पर शादी के बंधन में बधेंगी 25 गरीब कन्याएं, तैयारियां पूरी

ग्रेटर नोएडा में आगामी 14 फरवरी यानी वैलेंटाइन डे के दिन ओपा सेवा फाउंडेशन की ओर से 25 गरीब परिवारों की कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया जाएगा. यह आयोजन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सामूहिक विवाह योजना से प्रेरित है. ओपा सेवा फाउंडेशन की ओर से किया जा रहा सराहनी कार्य सामाज में सकारात्मक संदेश दे रहा है. साथ ही संस्था के प्रयासों और कार्यों की सराहना भी हो रही है.

बताया गया है कि संस्था की ओर से इस सामूहिक विवाह की तैयारियां लगभग पूरी की जा चुकी हैं. आयोजन को लेकर फाउंडेशन के अध्यक्ष ओम प्रकाश अग्रवाल ने ग्रेटर नोएडा साइट-4 स्थित कार्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य गरीब परिवारों की बेटियों के सपनों को पूरा करना है.

संस्था ने उठाई आयोजन की जिम्मेदारी

अग्रवाल ने बताया कि वर-वधू का चयन उनके परिजनों द्वारा किया गया है, जबकि संस्था केवल आयोजन की जिम्मेदारी निभा रही है. विवाह समारोह में पूरे रीति-रिवाजों के साथ बारात निकाली जाएगी. इसमें ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजा, आतिशबाजी और सामूहिक भोज का भी आयोजन होगा.

2022 से संस्था लगातार करा रही आयोजन

ओम प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि संस्था ने वैलेंटाइन डे के दिन 2022 में इसकी शुरुआत की थी और तब से लगातार जरूरतमंद बच्चियों की शादियां कराई जा रही हैं. उन्होंने बताया कि शहर के लोग भी इन समारोहों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं और हर तरीके से योगदान देते हैं, जिससे लोगों में एक अलग उत्साह भी दिखता है.

हर कन्या को उपहार में मिलेगा 325 घरेलू सामान

फाउंडेशन की ओर से प्रत्येक कन्या को उपहार स्वरूप लगभग 325 घरेलू सामान दिए जाएंगे. इनमें बेड, फ्रिज, टीवी, पंखा और ज्वेलरी शामिल हैं. इस कार्यक्रम में करीब 3000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. यह विवाह समारोह ओपा सेवा फाउंडेशन कार्यालय, साइट-4 ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम की तैयारियों को तेजी से पूरा किया जा रहा है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!