अलीगढ़: हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के काफिले ने स्कूटी सवार महिला को मारी टक्कर, आयोजकों पर उठे सवाल

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में चल रहे ‘अलीगढ़ महोत्सव 2026’ में सोमवार उस समय हड़कंप मच गया, जब महोत्सव में हिस्सा लेने आ रहीं हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के काफिले ने गभाना थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार महिला बृजेश गौतम को टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गयी.हादसे में महिला का पैर फ्रैक्चर हो गया है.
आरोप है कि न सिंगर और न आयोजकों ने घायल महिला का हालचाल जानने की कोशिश की. दुर्घटना जीटी रोड पर गांव पला सल्लू के पास हुआ. महिला की हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. फिलहाल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है.
क्या है पूरा घटनाक्रम ?
दुर्घटना में घायल बृजेश गौतम ने बताया कि वे स्कूटी से जा रही थीं, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. डॉ. सचिन, जिला अस्पताल इमरजेंसी इंचार्ज ने बताया कि महिला को गंभीर चोटें आई हैं, पैर में फ्रैक्चर है. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया.
जारी रहा शो-लोगों में नारजगी
उधर हादसे के बाद भी मासूम शर्मा ने नुमाइश मैदान पहुंचकर अपना शो जारी रखा. कार्यक्रम में अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम, हाथरस सांसद अनूप प्रधान, भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्ण पाल सिंह सहित कई वीआईपी और अधिकारी मौजूद रहे और कार्यक्रम का आनंद लिया. हालांकि, किसी ने भी घायल महिला का हाल-चाल जानने या उनकी मदद करने की कोशिश नहीं की, जिससे स्थानीय स्तर पर चर्चा और नाराजगी है.
पुलिस ने शुरू की जांच
दुर्घटना मामले में पुलिस ने कहा कि जांच की जा रही है. काफिले में चल रही कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. अज्ञात में शिकायत दर्ज की गयी है. फिलहाल महिला खतरे से बाहर है. आयोजकों से भी पूछताछ की जा सकती है.



