शिमला: नशे के खिलाफ नए SP गौरव सिंह सख्त, तस्करों को दी संपत्ति सीज की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की सुरक्षा कमान अब नए पुलिस अधीक्षक (SP) गौरव सिंह के हाथों में है. पदभार संभालते ही एसपी गौरव सिंह ने अपने कड़े तेवर दिखा दिए हैं. उन्होंने अपना कार्यभार ग्रहण करते ही नशा माफिया और इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को खुली चेतावनी जारी की है, जिससे अपराधियों में हड़कंप मचना तय है.
एसपी गौरव सिंह ने स्पष्ट किया कि अब नशे के सौदागरों पर केवल कानूनी कार्रवाई ही नहीं होगी, बल्कि उनकी आर्थिक कमर भी तोड़ी जाएगी. उन्होंने कहा कि नशे के अवैध व्यापार से अर्जित की गई चल-अचल संपत्तियों की ‘वित्तीय जांच’ (Financial Investigation) की जाएगी और उन्हें सीज (कुर्क) किया जाएगा. इसके अलावा, जो तस्कर बार-बार इस धंधे में पकड़े जाते हैं, उनके खिलाफ ‘प्रिवेंटिव डिटेंशन’ (Preventive Detention) के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि वे कानून से बच न सकें.
जागरूकता और पुनर्वास पर भी जोर
पुलिस केवल डंडे के जोर पर ही नहीं, बल्कि समाज को साथ लेकर भी चलेगी. गौरव सिंह ने बताया कि नशा निवारण के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs) और आम लोगों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी. उनका विशेष फोकस स्कूली छात्रों और युवाओं को जागरूक करने पर रहेगा. साथ ही, जो युवा नशे की गिरफ्त में आ चुके हैं, उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है.
कानून व्यवस्था और ट्रैफिक प्लान
नशे के खात्मे के अलावा, एसपी ने कानून व्यवस्था को लेकर भी अपना विजन रखा. उन्होंने कहा कि अपराध की रोकथाम (Crime Prevention), महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के कड़े इंतजाम करना उनकी प्राथमिकता रहेगी. वहीं, पहाड़ों की रानी शिमला में अक्सर लगने वाले जाम से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जल्द ही नई और खास रणनीतियां लागू की जाएंगी.



