देश

KCR की बेटी के. कविता का बड़ा फैसला, तेलंगाना में जागृति पार्टी का कर दिया ऐलान

तेलंगाना के पूर्व सीएम केसीआर की बेटी के. कविता ने नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है. निजामाबाद में उन्होंने एक बड़ी जनसभा के दौरान अपनी सांस्कृतिक संस्था ‘तेलंगाना जागृति’ को राजनीतिक दल में बदलने की आधिकारिक घोषणा की. उन्होंने नई पार्टी का नाम ‘जागृति पार्टी’ रखा है और इसकी औपचारिक शुरुआत 25 अप्रैल को होगी.

इस अवसर पर कविता ने तेलंगाना के युवाओं से अपील करते हुए कहा, ‘मैं तेलंगाना के युवाओं से अपील करती हूं, कृपया राजनीति से अपने हाथ न खींचें. राजनीति में शामिल हों, राजनीति को बदलें.’ उन्होंने कहा कि राज्य की राजनीति को बदलने के लिए एक मजबूत राजनीतिक ढांचे के भीतर काम करना जरूरी है.

सितंबर 2025 में के कविता को निलंबित कर दिया गया था

कविता को सितंबर 2025 में BRS से ‘पार्टी विरोधी गतिविधियों’ के आरोप में निलंबित किया गया था, जिसके बाद उन्होंने पार्टी की सदस्यता और MLC पद से भी इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद से वे लगातार एक नई राजनीतिक राह बनाने में जुटी थीं.

जनवरी 2026 में विधान परिषद में अपने अंतिम भाषण के दौरान उन्होंने घोषणा की थी कि वे विधानसभा से एक व्यक्ति के रूप में जा रही हैं, लेकिन एक शक्तिशाली राजनीतिक ताकत के रूप में वापस आएंगी. हाल ही में तेलंगाना नगर निकाय चुनावों में भी कविता ने अपनी रणनीतिक क्षमता का परिचय दिया, जब वड्डेपल्ली नगर पालिका में उनके समर्थित AIFB प्रत्याशियों ने 10 में से 8 सीटें जीतकर कांग्रेस और BRS को पीछे छोड़ दिया.

आज की सभा में कविता ने खुलकर कहा  ‘हम तेलंगाना के भविष्य को बदल देंगे. लेकिन उसके लिए हम किसी और पर निर्भर नहीं रह सकते. हमें खुद मैदान में उतरना होगा, अपने पैर और हाथ गंदे करने होंगे और इसे ईंट-दर-ईंट खुद बनाना होगा.’ यह भाषण मौजूद हजारों युवाओं को गहराई से प्रभावित करता दिखा.

तीन बड़े दलों के खिलाफ के. कविता का संघर्ष

कविता का यह राजनीतिक संघर्ष BRS, BJP और कांग्रेस तीनों बड़े दलों के खिलाफ है. उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि यह कोई संपत्ति की लड़ाई नहीं, बल्कि स्वाभिमान की लड़ाई है. उन्होंने कहा कि एक नया राजनीतिक मंच राज्य में आ रहा है. हम अगले चुनाव लड़ेंगे और एक बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभरेंगे.’

25 अप्रैल को होने वाले आधिकारिक पार्टी लॉन्च के लिए कविता ने तेलंगाना के सभी वर्गों  युवाओं, महिलाओं, पिछड़े वर्गों और आम नागरिकों  को जागृति पार्टी से जुड़ने का आमंत्रण दिया है. तेलंगाना की राजनीति में यह घोषणा एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है.

यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में रामनवमी पर जुलूस के दौरान भड़की हिंसा, मुर्शिदाबाद में उपद्रवियों ने की आगजनी-तोड़फोड़

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!