गिरफ्तार किए गए सांसद पप्पू यादव, घंटों बवाल के बाद उठा ले गई पटना पुलिस

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को पटना पुलिस ने शुक्रवार (06 फरवरी, 2026) की देर रात 31 साल पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया. उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस पहुंची थी लेकिन वह जाने को तैयार नहीं थे. इसके बाद भारी संख्या में पुलिस पहुंची. खुद एसपी भानु प्रताप पहुंचे. इसके बाद पप्पू यादव को पुलिस उठाकर ले गई.
किस मामले में हुई पप्पू यादव की गिरफ्तारी?
शुरुआती जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले ही पटना की एमपी-एमएलए कोर्ट ने सांसद पप्पू यादव सहित तीन लोगों के खिलाफ कुर्की-जब्ती का आदेश दिया था. धोखाधड़ी कर मकान किराए पर लेने का आरोप है. यह पूरा मामला साल 1995 का है. पटना के गर्दनीबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी.
रात में नहीं जाने की जिद पर थे पप्पू यादव
सांसद पप्पू यादव को भले गिरफ्तार कर पुलिस अपने साथ ले गई, लेकिन इसके लिए पटना स्थित उनके आवास पर घंटों हंगामा होता रहा. पुलिस और पप्पू यादव में बहस होती रही. पप्पू यादव अपने वकील को बुलाने की बात करते रहे. जब पुलिसकर्मियों को लगा कि पप्पू यादव को ऐसे ले जाना आसान नहीं है तो भारी संख्या में फोर्स को बुलाया गया. वरीय पदाधिकारी भी पहुंचे. यह सब करते-करते रात के करीब 12 बज गए. इसके बाद पुलिस पप्पू यादव को अपने साथ ले गई.
पप्पू यादव को आईजीआईएमएस लेकर पहुंची पुलिस
गिरफ्तार करने के बाद पटना पुलिस सांसद पप्पू यादव को सबसे पहले बेली रोड स्थित आईजीआईएमएस लेकर गई. यहां सांसद का मेडिकल कराया जाएगा. इसके बाद आगे की कार्रवाई पुलिस करेगी. सांसद पप्पू यादव के पीछे-पीछे कुछ समर्थक भी अस्पताल पहुंच गए.
लगातार सरकार पर हमलावर थे सांसद पप्पू यादव
बता दें कि कुछ दिनों पहले पटना में एक नीट छात्रा की मौत हुई थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका जिक्र किया गया था कि रेप से इनकार नहीं किया जा सकता है. मामला इतना तूल पकड़ा कि नीतीश सरकार ने केस की सीबीआई जांच के लिए केंद्र से अनुरोध किया. इस मुद्दे को लेकर सांसद पप्पू यादव लगातार सरकार पर हमलावर थे. जोरशोर से इसे वे उठा रहे थे. पप्पू यादव का कहना है कि इसी के चलते सरकार ने यह कार्रवाई की है.
पप्पू यादव के एक समर्थक ने एबीपी न्यूज़ से कहा कि पुलिस के पास गिरफ्तारी के लिए वारंट नहीं था. पप्पू यादव ने कहा कि हाउस अरेस्ट कर लीजिए, हम सुबह चलेंगे, लेकिन पुलिस नहीं मानी. दूसरी ओर सांसद पप्पू यादव को जब गिरफ्तार कर पुलिस ले जाने लगी तो समर्थकों ने काफी रोकने का प्रयास किया. काफी हंगामा किया गया. आक्रोश के बावजूद पुलिस किसी तरह पप्पू यादव को लेकर निकली. समर्थक पप्पू यादव जिंदाबाद का नारा लगाते भी दिखे.
यह भी पढ़ें- पप्पू यादव ने सम्राट चौधरी को कहा- ‘एक चींटी तो पकड़ाती नहीं…’, इसके बाद पहुंच गई पुलिस?



