राज्य

मुंबई: माझगांव कोर्ट में पेश हुए संजय राउत, नारायण राणे मानहानि केस में गवाही शुरू

मुंबई के माझगांव कोर्ट में केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के खिलाफ दायर मानहानि मामले में शुक्रवार (6 फरवरी) को सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत अदालत में मौजूद रहे. उनकी गवाही दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है. संजय राउत की ओर से वकील सार्थक शेट्टी कोर्ट में पेश हुए.

अदालत में अपने बयान के दौरान संजय राउत ने कहा कि वह पिछले 35 वर्षों से दैनिक सामना अखबार के संपादक हैं और वर्ष 2004 से राज्यसभा के सदस्य हैं. उन्होंने बताया कि एक संपादक और राजनीतिक नेता के रूप में उन्हें महाराष्ट्र सहित पूरे देश में पहचान और प्रतिष्ठा मिली है.

कोर्ट में क्या बोले शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत?

शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कोर्ट में कहा कि शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे से उनका 40 साल पुराना निकट संबंध रहा है और उनके प्रति प्रेम व श्रद्धा के कारण उन्होंने कई किताबें लिखी हैं. साथ ही बालासाहेब ठाकरे के बारे में देशभर में जानकारी मिले, इसके लिए मराठी और हिंदी में ‘ठाकरे’ नाम से फिल्म का निर्माण भी किया गया.

उन्होंने अदालत को बताया कि बालासाहेब ठाकरे ने उन्हें सांसद बनाया और वर्ष 2004 में वह पहली बार सांसद बने. उन्हें सांसद बनाने में बालासाहेब ठाकरे की अहम भूमिका रही. शिवसेना में पद देने का अधिकार शिवसेना प्रमुख के पास होता था और उनके आदेश व भूमिका को सबसे ज्यादा महत्व दिया जाता था. 

संजय राउत ने दी यह जानकारी

संजय राउत के अनुसार, शिवसेना प्रमुख ने ही उन्हें दिल्ली में रहकर पार्टी का काम करने के निर्देश दिए थे. संजय राउत ने यह भी कहा कि राज्यसभा सदस्य के रूप में उन्होंने गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, विधि एवं न्याय, विदेश मंत्रालय तथा उर्वरक और रसायन मंत्रालय समेत कई केंद्रीय समितियों में काम किया है.

यह मामला नारायण राणे के उस बयान से जुड़ा है, जिसमें भांडुप के एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि उन्होंने संजय राउत को सांसद बनाया और उनके लिए पैसा खर्च किया. इसी बयान पर आपत्ति जताते हुए संजय राउत ने मानहानि का मुकदमा दायर किया है. शुक्रवार (6 फरवरी) से संजय राउत की गवाही दर्ज होना शुरू हो गई है. मामले की अगली सुनवाई 20 फरवरी को होगी, जिसमें आगे की गवाही दर्ज की जाएगी.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!