खेल

भारत ने बना दिया वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर, इंग्लैंड को दिया 412 का लक्ष्य; वैभव सूर्यवंशी ने अकेले बनाए 175

2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में टीम इंडिया ने कमाल कर दिया है. भारतीय टीम ने वैभव सूर्यवंशी के ताबड़तोड़ 175 रनों की बदौलत अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया. भारत ने खिताबी मुकाबले में 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन बनाए. अब इंग्लैंड को अगर विश्व कप जीतना है तो 412 रन बनाने होंगे, जो लगभग असंभव है. 

फाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने अकेले 175 रनों की पारी खेली. वैभव ने सिर्फ 55 गेंद में शतक जड़ा. वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंद में 175 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 15 छक्के और 15 चौके जड़े. दिलचस्प बात यह है कि वैभव ने सिर्फ बाउंड्री से ही 150 रन बटोर लिए. 

वैभव सूर्यवंशी ने बना दिया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड

14 साल के वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इसके साथ ही अब उनके नाम अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक भी हो गया है. अंडर-19 वर्ल्ड कप में सबसे तेज सेंचुरी का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के विल मालाजुक के नाम है, लेकिन फाइनल में सबसे तेज शतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड अब वैभव सूर्यवंशी के नाम हो गया है. वहीं वैभव अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय हैं. इससे पहले उन्मुक्त चंद (2012) और मनजोत कालड़ा (2018) ऐसा कर चुके हैं.

ऐसी रही भारतीय पारी

पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया का पहला विकेट 20 के स्कोर पर गिरा. आरोन जॉर्ज 11 गेंद में दो चौकों की मदद से 9 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद कप्तान आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी ने 142 रनों की साझेदारी की. म्हात्रे 51 गेंद में 53 रन बनाकर पवेलियन लौटे. उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के जड़े. वेदांत त्रिवेदी ने 36 गेंद में 32, विहान मल्होत्रा ने 36 गेंद में 30 और विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडु ने 31 गेंद में 40 रनों की पारी खेली. कनिष्क चौहान 20 गेंद में 37 रनों पर नाबाद लौटे. उन्होंने 3 चौके और एक छक्का लगाया. वहीं अकेले वैभव ने 15 चौकों और 15 छक्कों की बदौलत 80 गेंद में 175 रन बनाए.

इंग्लैंड के लिए सेबेस्टियन मॉर्गन ने 9 ओवर में 74 रन देकर दो विकेट लिए. एलेक्स ग्रीन ने 5 ओवर में 49 रन देकर दो भारतीय खिलाड़ियों को आउट किया. वहीं जेम्स मिंटो ने 8 ओवर में 63 रन देकर 3 विकेट चटकाए. इसके अलावा मैनी लुम्सडेन को भी एक सफलता मिली.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!