44 हजार शिक्षकों की भर्ती निकाल नीतीश सरकार ने किया धोखा? RJD ने कहा- चुनाव से पहले एक लाख का वादा था

बिहार में अगले महीने (मार्च) 44 हजार पदों के लिए शिक्षकों की भर्ती निकलेगी. बीपीएससी की ओर से विज्ञाप निकाला जाएगा. सरकार की ओर से टीआरई-4 को लेकर इसकी जानकारी दी गई है. सिर्फ 44 हजार पदों पर निकाली जाने वाली इस भर्ती को लेकर आरजेडी ने सरकार पर हमला किया है.
आरजेडी के प्रवक्ता चितरंजन गगन ने यह सवाल उठाया है कि चुनाव के पहले सरकार ने एक लाख पदों पर शिक्षकों की भर्ती की बात कही थी और अब केवल 44 हजार की बात हो रही है. चितरंजन गगन ने अपने एक्स हैंडल से दो पोस्टर को शेयर किया है. एक में टीआरई-4 के लिए एक लाख पदों पर बहाली की बात लिखी गई है जो चुनाव के पहले का है. दूसरा पोस्टर हाल का है, जिसमें सिर्फ 44 हजार का ही जिक्र है.
माननीय मुख्यमंत्री जी विधानसभा चुनाव के पूर्व आपने तो TRE-4 में एक लाख शिक्षकों की बहाली की बात की थी और अब सरकार बनने के बाद 44 हजार शिक्षकों की बहाली की बात कह रहे हैं — थोड़ा अपने पद की गरिमा का ख्याल तो रखा होता । हालांकि सच्चाई तो यह भी है कि बीपीएससी परीक्षा में इस… pic.twitter.com/mScozoErep
— Chitranjan Gagan (@ChitranjanGaga1) February 5, 2026
‘शायद ही पूरी प्रक्रिया 2026 में पूरी हो’
अपने पोस्ट में चितरंजन गगन लिखते हैं, “माननीय मुख्यमंत्री जी विधानसभा चुनाव के पूर्व आपने तो TRE-4 में एक लाख शिक्षकों की बहाली की बात की थी और अब सरकार बनने के बाद 44 हजार शिक्षकों की बहाली की बात कह रहे हैं. थोड़ा अपने पद की गरिमा का ख्याल तो रखा होता. हालांकि सच्चाई तो यह भी है कि बीपीएससी परीक्षा में इस संख्या में भी 50 प्रतिशत से भी कम को ही योग्य माना जाएगा. बहाली होते-होते यह संख्या 20-22 हजार से भी कम पर पहुंच जाएगी. हां एक बात और पूरी प्रक्रिया शायद ही 2026 में पूरी हो!”
भाकपा माले के विधायक ने क्या कहा?
उधर विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत में भाकपा माले के विधायक अरुण सिंह ने कहा कि अभी तक हर विषय में विषयवार शिक्षक नहीं हैं. उनसे पूछा गया कि शिक्षक अभ्यर्थी टीआरई-4 की परीक्षा के लिए लगातार सरकार से मांग कर रहे हैं. सरकार कह रही है जल्द होगा, अगले महीने (मार्च) 44 हजार पदों पर भर्ती की बात हो रही है. इस पर विधायक ने कहा, “टीआरई-4 पर हम लोग हमेशा सवाल उठा रहे हैं. आज (शुक्रवार) भी ध्यानाकर्षण में सवाल है… तो सवाल हम लोग उठा रहे हैं.” यह भी मांग की कि टीआरई-4 में कला के शिक्षकों की बहाली हो.
यह भी पढ़ें- Bihar Teacher Vacancy: नीतीश सरकार ने खत्म किया TRE-4 का इंतजार! बिहार में 44 हजार शिक्षकों की होगी बंपर बहाली



