राजधानी दिल्ली में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी, AQI की हालत खराब

राजाधनी दिल्ली में मंगलवार (3 फरवरी) को घना कोहरा छाये रहने के बीच अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार (4 फरवरी) को भी घना कोहरा छाए रहने की स्थिति के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. वायु गुणवत्ता (AQI) भी खराब श्रेणी में बनी रही. IMD के मुताबिक, शहर के आधार केंद्र सफदरजंग वेधशाला पर अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. जबकि न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
कहां कितना तापमान दर्ज हुआ?
केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार पालम में अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य तापमान से कम है. जबकि न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा. लोदी रोड में अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रिज स्टेशन पर अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस रहा.
अधिकारियों ने बताया कि आयानगर में अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस रहा. उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में किसी भी स्टेशन पर बारिश दर्ज नहीं की गई.
सुबह के समय 100 मीटर रही दृश्यता
मौसम विभाग ने बताया कि सुबह के समय पालम और सफदरजंग दोनों जगहों पर दृश्यता घटकर 100 मीटर रह गई. बुधवार के लिए, आईएमडी ने न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है, साथ ही घने कोहरे का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 272 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है.
समीर ऐप के आंकड़ों के अनुसार केंद्रवार आंकड़ों से पता चला कि राजधानी में वायु गुणवत्ता असमान रही, जिसमें 16 निगरानी केंद्रों ने ‘खराब’ वायु गुणवत्ता की सूचना दी, अन्य 16 में यह ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही और सात केंद्र में शाम के समय यह ‘मध्यम’ स्तर में दर्ज की गयी.
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है.
5 से 6 फरवरी को बीच सुधरेगा AQI
वायु गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के अनुसार, बुधवार को वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रहने का अनुमान है और पांच से छह फरवरी के बीच इसमें सुधार होकर ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंचने की उम्मीद है. मंगलवार सुबह नौ बजे शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 256 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी आता है. स्टेशनवार सीपीसीबी आंकड़ों के अनुसार, 19 स्टेशनों पर वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में, 10 पर ‘अत्यंत खराब’ श्रेणी में और 10 पर ‘मध्यम’ श्रेणी में थी.



