तमिलनाडु के मंत्री पर CM नीतीश कुमार की पार्टी का बड़ा हमला, ‘उत्तर भारतीय जहां भी गए…’

तमिलनाडु के कृषि मंत्री एमआरके पन्नीरसेल्वम ने उत्तर भारतीयों को लेकर कहा है कि ये लोग सिर्फ हिंदी जानते हैं इसलिए उन्हें अच्छी नौकरी नहीं मिलती. वे तमिलनाडु आकर टेबल साफ करने, मजदूरी करने या पानी पूरी बेचने जैसे काम करते हैं. उनके इस बयान पर अब सियासत तेज हो गई है. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी से लेकर कई अन्य दल के नेताओं ने पन्नीरसेल्वम पर हमला किया है.
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा, “उत्तर भारतीय जहां भी गए हैं, उन्होंने वहां की इकॉनमी को मजबूत किया है. कांग्रेस को इस पर जवाब देना चाहिए और डीएमके ने जो कहा है, उस पर अपना रुख साफ करना चाहिए…”
चिराग पासवान ने क्या कहा?
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, “कुछ नेता ऐसे हैं जो अपने बयानों से सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं और जिनकी राजनीति सिर्फ बांटों और शासन करो पर चलती है. बांटने का काम कभी जाति के नाम पर, धर्म के नाम पर, कभी भाषा के आधार पर तो कभी क्षेत्र के आधार पर… ऐसे में एनडीए गठबंधन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सिर्फ एक सोच के साथ आगे बढ़ रहा है कि सबका साथ, सबका विकास. अब जिनती योजनाओं का, नीतियों का निर्माण होता है, उसका आधार सिर्फ देश की आबादी होती है…”
सांसद अरुण भारती ने कहा, “उत्तर भारत के लोग जो तमिलनाडु में जाकर काम कर रहे हैं, वो अपनी मेहनत की कमाई खा रहे हैं. माननीय मंत्री जी जिन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं… वो तमिलनाडु के लोगों का हक खा रहे हैं, ऐसा कोई काम उत्तर भारतीय नहीं कर रहा है…”
‘इस बार तमिलनाडु में डीएमके का सफाया तय’
बीजेपी के सांसद संजय जायसवाल ने कहा, “जिस प्रकार की ओछी टिप्पणियां डीएमके के नेता करते हैं, वो उनकी मानसिकता को दिखाता है. हम सभी देशवासियों का सम्मान करते हैं… इस बार तमिलनाडु में डीएमके का सफाया तय है…”
बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा, “इस तरह की विभाजनकारी बातें किसी भी नेता को शोभी नहीं देती हैं. देश में एकता का माहौल होना चाहिए. हम इस तरह के बयान की सख्त निंदा करते हैं…”
बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा, “ये मानसिक दिवालियापन का परिचय है. इससे ज्यादा कुछ नहीं है. ऐसे लोगों को पागलखाने में भेज देना चाहिए. बिहार भारत का गौरव है, हमें बिहारी होने पर गर्व है.”
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “कांग्रेस तमिलनाडु में सरकार चला रही है. उत्तर भारतीयों को गाली सुनवा रहे हैं. इसका जवाब राहुल गांधी को देना चाहिए. क्या इस देश में विभेद पैदा करवा रहे हैं? कांग्रेस पार्टी पाकिस्तान और चीन की भाषा बोलने वाली पार्टी बनती जा रही है.”



