राज्य

बिहार: नहीं सुधर रही सम्राट चौधरी की पुलिस! महिला को मारा, बाल खींचा, वायरल हुआ VIDEO

बिहार पुलिस की उसके व्यवहार से इन दिनों किरकिरी हो रही है. कुछ दिनों पहले ही एक पुलिसकर्मी ने दरभंगा में चालक के साथ गाल-गलौज की थी. मारपीट का प्रयास किया था. बाद में उसे सस्पेंड कर दिया गया था. गृह विभाग के मंत्री सम्राट चौधरी की पुलिस का ऐसा वीडियो आते रहता है, लेकिन पुलिस सुधरने का नाम नहीं ले रही है. इस बीच एक और मामला सामने आया है जो बिहार के नालंदा का है. इसमें एक पुलिसकर्मी महिला पर हाथ उठाता दिख रहा है. बाल तक खींच रहा है.

वायरल हो रहा वीडियो जिले के थरथरी थाना क्षेत्र का है. वीडियो में बदसलूकी करने वाला पुलिसकर्मी थरथरी का थानाध्यक्ष संजय कुमार बताया जा रहा है. महिला के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट का ये मामला बीते शुक्रवार (30 जनवरी, 2026) की रात करीब साढ़े 11 बजे का है. 

गिरफ्तारी का कारण जानना चाहा तो भड़का थानेदार

इस पूरे मामले में यह बात सामने आई है कि थरथरी थानाध्यक्ष दिरीपर गांव में वारंटी रामबच्चन प्रसाद की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पहुंचे थे. महिला पुलिस भी थी. इस दौरान घर की एक महिला ने गिरफ्तारी का कारण जानना चाहा तो इस थानेदार भड़क गया. थानाध्यक्ष ने महिला का बाल खींचा. थप्पड़ मारा. यह वीडियो में साफ दिख रहा है. मारपीट के दौरान मौजूद महिला पुलिसकर्मी थानाध्यक्ष को रोकने की कोशिश करती है. जिस महिला के साथ हुआ है वह आंगनबाड़ी सेविका है.

घटना के वक्त पीड़ित परिवार के एक सदस्य ने मोबाइल से वीडियो बना लिया. पीड़ित महिला ने बताया कि घर में घुसकर पुलिस ने मारपीट की है. वीडियो बनाने पर भी सभी के साथ मारपीट की गई है. पुलिस ने राइफल तान दी. उधर स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी हाल में कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए. गिरफ्तारी के दौरान महिलाओं के साथ इस तरह का व्यवहार बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है. 

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है. मामले की जानकारी मिलते ही वरीय अधिकारी भी गांव पहुंचे. हिलसा डीएसपी-2 ने बताया कि इस वायरल वीडियो की जांच की जा रही है. जांच के बाद मीडिया को अधिक जानकारी दी जाएगी.

यह भी पढ़ें- Aurangabad News: औरंगाबाद में दवा व्यवसायी की हत्या, पान खाने दुकान पर गए थे, बदमाशों ने पीछे से मारी गोली

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!