राज्य

जयराम ठाकुर का हमला, बोले- ‘सुक्खू सरकार की घोषणाएं कोरी, PM मोदी के FTA से आएगी आर्थिक क्रांति’

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य की सुक्खू सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया. शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह और राज्यपाल के ‘एट होम’ कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद ठाकुर ने मीडिया से बात करते हुए सरकार को ‘अंतर्विरोधों की सरकार’ करार दिया.

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार भ्रष्टाचार और जांच के मुद्दों पर गोलमोल जवाब दे रही है. उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री जिसे ‘साधारण पत्र’ बताकर टाल रहे हैं, जनता उसकी सच्चाई जानना चाहती है. मुख्यमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि उप-मुख्यमंत्री के खिलाफ किस तरह की जांच चल रही है. शायद वे डर रहे हैं कि जांच की आंच उनकी अपनी कुर्सी तक न पहुँच जाए.”

जयराम ठाकुर ने पूर्ण राज्यत्व दिवस पर की गई घोषणाओं को ‘भ्रामक’ बताते हुए कहा कि जब सरकारी खजाना खाली है, तब मुख्यमंत्री केवल वोट बैंक के लिए पुरानी योजनाओं को नए पैकेट में पेश कर रहे हैं.

भारत-EU मुक्त व्यापार समझौता: पीएम मोदी की ऐतिहासिक उपलब्धि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैश्विक नेतृत्व की सराहना करते हुए जयराम ठाकुर ने भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को देश के लिए ‘आर्थिक मील का पत्थर’ बताया. उन्होंने कहा कि यह समझौता भारत को 27 यूरोपीय देशों के बाजार से सीधे जोड़ता है. इससे कपड़ा, रसायन, रत्न और चमड़ा जैसे क्षेत्रों में ₹6.5 लाख करोड़ से अधिक की निर्यात संभावनाएँ पैदा होंगी. ठाकुर ने विश्वास जताया कि इस कदम से MSME सेक्टर को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे.

शौर्य को नमन और श्रद्धांजलि

समारोह के दौरान जयराम ठाकुर ने हिमाचल के वीरों के सम्मान पर गर्व व्यक्त किया. उन्होंने ‘शौर्य चक्र’ विजेता मेजर अंशुल बाल्टू और कैप्टन जोगिंदर सिंह को नमन किया. परमवीर चक्र विजेता सूबेदार मेजर संजय कुमार को कैप्टन पद पर पदोन्नति मिलने पर बधाई दी.

साथ ही, उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार वी. पी. प्रभाकर और सेवानिवृत्त प्रोफेसर मंजू लोहमी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे सामाजिक और बौद्धिक क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताया.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!