SIR को लेकर अरविंद सिंह गोप का बड़ा दावा, कहा- ‘2027 में बाराबंकी की 6 की 6 सीटें…’

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बड़ा बयान देते हुए 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सपा की जीत का दावा किया है. उन्होंने कहा कि SIR का परिणाम भले ही सरकार अपने अनुसार बनाने की कोशिश करे, लेकिन सच्चाई यह है कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी बाराबंकी जिले की सभी 6 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी. लखनऊ में प्रचंड बहुमत से सपा की सरकार बनेगी.
अरविंद सिंह गोप ने कहा कि बाराबंकी में मतदाता अब पूरी तरह जागरूक हो चुका है. उन्होंने आरोप लगाया कि जब दूसरी पार्टियां केवल SIR को लेकर बयानबाजी और शोर मचा रही थीं, तब समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर SIR के फार्म भरवा रहे थे और उन्हें समय से जमा भी करवा रहे थे. यही वजह है कि समाजवादी पार्टी जमीनी स्तर पर लगातार मजबूत हो रही है.
‘SIR में समाजवादी पार्टी ने गंभीरता के साथ किया काम’
उन्होंने कहा कि “ऊपर वाला हमेशा अच्छे लोगों की मदद करता है. हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जनहित में सोचने वाले और ईमानदार नेता हैं. SIR को लेकर समाजवादी पार्टी ने गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ काम किया है. विशेष रूप से फॉर्म-6 पर हमारी कड़ी नजर है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए.”
सरकार पर साधा निशाना
गोप ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चाहे सरकार या उसके अधिकारी कितनी भी कोशिश कर लें, समाजवादी पार्टी किसी भी जनविरोधी या गलत कदम को सफल नहीं होने देगी. उन्होंने कहा कि सपा के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पूरी मुस्तैदी के साथ जुटे हुए हैं और एक-एक मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराकर ही दम लेंगे. इसके लिए लगातार संगठनात्मक बैठकें की जा रही हैं.
‘बाराबंकी की सभी 6 सीटें जीतेगी सपा’
अपने पुराने राजनीतिक अनुभव को साझा करते हुए अरविंद सिंह गोप ने कहा कि वर्ष 2012 में मौरंग मंडी में उन्होंने कार्यकर्ताओं के भरोसे पर 6 सीटों की जीत का दावा किया था, जो सच साबित हुआ था. उन्होंने दोहराते हुए कहा कि इस बार भी वे पूरे विश्वास के साथ कह रहे हैं कि 2027 में समाजवादी पार्टी बाराबंकी की 6 की 6 सीटें जीतकर दिखाएगी और यह जीत पूरी तरह कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन का परिणाम होगी.



