Telangana: तेलंगाना में ‘काल’ का तांडव, 9 महीने की गर्भवती डॉक्टर की मौत, 5 शिक्षक लड़ रहे जिंदगी की जंग, जानें मामला

तेलंगाना के वरंगल जिले के हंटर रोड पर आज मंगलवार (27 जनवरी, 2026) को हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया. इसमें से एक सड़क हादसे में एक गर्भवती डॉक्टर की जान चली गई. वहीं, दूसरे सड़क हादसे में पांच शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए.
9 महीने की गर्भवर्ती थी महिला डॉक्टर
हंटर रोड पर हुई पहली हृदयविदारक घटना में अस्पताल में अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रही 9 महीने की गर्भवती डॉक्टर ममता रानी की बाइक को एक तेज रफ्तार लॉरी ने टक्कर मार दी. लॉरी की टक्कर इतनी जोरदार थी कि डॉक्टर ममता रानी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
दूसरे सड़क हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त
इस दुखद घटना के कुछ ही समय बाद, इसी मार्ग पर एक और बड़ा हादसा हुआ, जहां कक्किरालापल्ली सरकारी स्कूल से बिर्ला ओपन माइंड स्कूल की ओर जा रहे पांच सरकारी शिक्षकों की कार को एक अनियंत्रित लॉरी ने जोरदार टक्कर मार दी. लॉरी की टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और कार में सवार पांचों शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए. इन बैक-टू-बैक हादसों ने हंटर रोड पर यातायात सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और चिंता पैदा कर दी है.
तीन दिन पहले खम्मम में हुआ था सड़क हादसा
वहीं, तीन दिन पहले शनिवार (24 जनवरी, 2026) को तेलंगाना के खम्मम जिले में भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था. पुलिस की मुताबिक, यह हादसा खम्मम के कलुऊ मंडल के लिंगला गांव में हुआ, जो ग्रीनफील्ड नेशनल हाईवे पर पड़ती है. यहीं एक तेज रफ्तार बाइक सड़क की रेलिंग से टकरा गई. इस भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी. पुलिस ने कहा कि दोनों बाइक सवारों को इतनी ज्यादा गंभीर चोटें आईं थी कि उन्हें बचाने का कोई मौका ही नहीं मिला. इस दुर्घटना के पीछे बाइक का अनियंत्रित होने को कारण बताया गया.
यह भी पढ़ेंः हैदराबाद में 3 साल की मासूम पर आवारा कुत्ते ने किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर; घटना CCTV में कैद



