Mumbai: जिस दिन था जन्मदिन, उसी दिन उजड़ गया सुहाग! पत्नी को डिनर पर ले जाने वालाे थे ट्रेन में मारे गए प्रोफेसर

Maharashtra News: मुंबई की लोकल ट्रेन में मारे गए आलोक कुमार सिंह नाम के प्रोफेसर की पत्नी का हत्या वाले दिन जन्मदिन था. ट्रेन के अंदर कहासुनी के बाद 33 साल के कॉलेज प्रोफेसर आलोक कुमार सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. यह वारदात मलाड स्टेशन पर शाम करीब 5 बजकर 40 मिनट पर हुई.
इस घटना की सबसे दर्दनाक बात यह है कि जिस दिन आलोक की हत्या हुई, उसी दिन उनकी पत्नी का जन्मदिन था. आलोक ने पत्नी के साथ रात में बाहर डिनर करने की योजना बनाई थी. उन्होंने कॉलेज में अपने सहकर्मियों को भी बताया था कि आज वह जल्दी घर जाएंगे, क्योंकि पत्नी का जन्मदिन है. शनिवार को कॉलेज खत्म होते ही वह बिना समय गंवाए ट्रेन से घर के लिए निकल पड़े.
मातम में बदली पत्नी के जन्मदिन की खुशी
आलोक को क्या पता था कि यह उनकी आखिरी यात्रा साबित होगी. पत्नी जन्मदिन के जश्न का इंतजार करती रही, लेकिन आलोक घर कभी नहीं लौट सके. एक खुशहाल शाम पल भर में परिवार के लिए जीवन भर का गम बन गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही ट्रेन मलाड स्टेशन पर रुकी और यात्री नीचे उतरने लगे, 27 साल के आरोपी ओमकार शिंदे ने अचानक चाकू निकाला और आलोक पर हमला कर दिया. उसने पेट पर लगातार कई वार किए. कुछ ही सेकंड में आलोक जमीन पर गिर पड़े. स्टेशन परिसर खून से लथपथ हो गया और वहां अफरा-तफरी मच गई.
अस्पताल पहुंचते ही मौत
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी (Government Railway Police) मौके पर पहुंची और आलोक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस खबर ने परिवार, दोस्तों और कॉलेज के स्टाफ को गहरे सदमे में डाल दिया.
पुलिस ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की. 12 घंटे के भीतर आरोपी ओमकार शिंदे को गिरफ्तार कर लिया गया. वह पॉलिश का काम करता है. अदालत ने उसे 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद नहीं हो सका है.
परिवार की पृष्ठभूमि और बढ़ा दर्द
आलोक विले पार्ले स्थित एन. एम. कॉलेज में प्रोफेसर थे और घटना के समय ट्रेन से कांदिवली जा रहे थे. उनके पिता अनिल कुमार सिंह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सुरक्षा से जुड़े मामलों में काम कर चुके हैं. गणतंत्र दिवस की तैयारियों के सिलसिले में वह दिल्ली में थे, वहीं उन्हें बेटे की मौत की सूचना मिली.



