‘कठपुतली बने शहजादा की ताजपोशी मुबारक’, तेजस्वी यादव को मिली RJD की कमान तो बोलीं रोहिणी आचार्य

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की सियासत में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को आरजेडी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया गया है. इस फैसले के बाद तेजस्वी यादव की बड़ी बहन रोहिणी आचार्य ने तंज कसते हुए एक्स पर पोस्ट किया है.
तेजस्वी यादव की ताजपोशी पर उनकी बहन रोहणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर लिखा, “सियासत के शिखर-पुरुष की गौरवशाली पारी का एक तरह से पटाक्षेप, ठकुरसुहाती करने वालों और ‘गिरोह-ए-घुसपैठ’ को उनके हाथों की ‘कठपुतली बने शहजादा’ की ताजपोशी मुबारक.” रोहिणी के इस बयान को सीधे तौर पर पार्टी के अंदर चल रही खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है.
सियासत के शिखर – पुरुष की गौरवशाली पारी का एक तरह से पटाक्षेप , ठकुरसुहाती करने वालों और ” गिरोह – ए – घुसपैठ ” को उनके हाथों की “कठपुतली बने शहजादा” की ताजपोशी मुबारक ..
— Rohini Acharya (@RohiniAcharya2) January 25, 2026
“>
लालू-राबड़ी की इच्छा पर सवाल
सूत्रों का कहना है कि यह फैसला वैसा नहीं था, जैसा लालू प्रसाद यादव या राबड़ी देवी चाहते थे. बताया जा रहा है कि वे चाहते थे कि पार्टी पर लालू यादव का दबदबा और अधिकार बना रहे. ऐसे में इस बदलाव को कुछ लोग लालू यादव के लिए एक तरह का फोर्स्ड एग्ज़िट भी मान रहे हैं.
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में फैसला
बता दें तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने का आरजेडी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में निर्णय लिया गया. बैठक के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव ने तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव रखा. प्रस्ताव पर चर्चा के बाद मौजूद सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया और तेजस्वी की नियुक्ति पर औपचारिक मुहर लगा दी गई.
तेजस्वी यादव की नई भूमिका को पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार और मजबूती से जोड़ा जा रहा है. नेतृत्व परिवर्तन से आरजेडी को नई ऊर्जा मिलने की बात कही जा रही है, लेकिन रोहिणी आचार्य के बयान ने यह साफ कर दिया है कि पार्टी और परिवार, दोनों स्तर पर यह फैसला पूरी तरह निर्विवाद नहीं है.



