गुजरात के बनासकांठा में SUV और ट्रक की भीषण टक्कर, दर्दनाक हादसे में राजस्थान के 7 लोगों की मौत

गुजरात के बनासकांठा जिले में शनिवार (24 जनवरी) को एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. अमीरगढ़ तालुका के इकबालगढ़ गांव के पास पालनपुर-आबू रोड हाईवे पर हुए इस हादसे में राजस्थान के 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा इतना भयावह था कि इनोवा कार के परखच्चे उड़ गए.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजस्थान की ओर से आ रहा एक आइसर ट्रक तेज रफ्तार में था. अचानक ट्रक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और डिवाइडर तोड़ते हुए गलत दिशा में चला गया. इसी दौरान सामने से आ रही इनोवा कार से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
हादसे के समय इनोवा कार में कुल 10 लोग सवार थे. टक्कर के बाद 7 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
हाईवे पर लगा 5 किलोमीटर लंबा जाम
हादसे के बाद पालनपुर-आबूरोड हाईवे पर दोनों ओर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया. सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन बिखरे पड़े थे, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से ट्रक और इनोवा को हटवाया, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद यातायात धीरे-धीरे बहाल हो सका.
बनासकांठा के पुलिस अधीक्षक प्रशांत सुम्बे ने बताया कि आइसर ट्रक डिवाइडर पार कर गलत दिशा में चला गया था. ट्रक की टक्कर से इनोवा कार में सवार सात लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं. सभी मृतक राजस्थान के पाली और सिरोही जिले के निवासी हैं. मामले की जांच जारी है.
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों में इनोवा चालक प्रकाश कलावंत (36) निवासी फालना, पाली शामिल हैं. इसके अलावा मोहम्मद हुसैन, उनकी पत्नी जीनत, मोहम्मद शरीफ निवासी छावनी गांव शिवगंज, दीपक सिंह निवासी आबूरोड सिरोही शामिल हैं. एक मृतक पिंडवाड़ा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, जबकि एक अन्य की पहचान की जा रही है.
अमीरगढ़ पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही और रॉन्ग साइड ड्राइविंग का मामला दर्ज कर लिया है. प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाना मानी जा रही है.



