दिल्ली NH-48 पर लापरवाही से दौड़ रही ‘Dawood’ नाम की स्कॉर्पियो, वायरल वीडियो के बाद ड्राइवर अरेस्ट

दिल्ली के नेशनल हाइवे NH-48 (GTK करनाल बाइपास रोड) पर रैश और लापरवाही से वाहन चलाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने इस मामले पर कार्रवाई की है. आउटर नॉर्थ जिला पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और गाड़ी को जब्त भी कर लिया गया है.
NH-48 पर जिग-जैग करते हुए दिखी स्कॉर्पियो-एन
दिल्ली पुलिस के मुताबिक 18 जनवरी 2026 को एक काले रंग की स्कॉर्पियो-एन को NH-48 पर जिग-जैग तरीके से तेज रफ्तार में चलते हुए देखा गया, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और आम लोगों की जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया था. गाड़ी में टिंटेड शीशे लगे थे और उस पर Dawood भी लिखा हुआ था. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आ गाया था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए आउटर नॉर्थ जिला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को ट्रेस कर इंटरसेप्ट कर लिया है. वहीं जांच में चालक की पहचान दाऊद अंसारी निवासी जाबिर नगर, ओखला, दिल्ली के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि वाहन उसके पिता मुसाफिर अंसारी के नाम पर रजिस्ट्रेशन है. आरोपी का ड्राइविंग लाइसेंस भी जांच के बाद कब्जे में ले लिया गया है.
धारा 281 और धारा 184 के तहत मामला हुआ दर्ज
वायरल वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर थाना समयपुर बादली में FIR भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 281 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया गया है. वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि स्कॉर्पियो-एन वाहन को कानून के तहत इम्पाउंड कर दिया गया है.
यह घटना 18 जनवरी 2026 को दोपहर 3 बजे से 4 बजे के बीच GTK करनाल बाइपास रोड पर हुई थी. फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है. सोशल मीडिया पर वायरल हुई इसी विडिओ पर दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की है.



