ओमप्रकाश राजभर का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले – “विधायक के पति की बेरहमी से हत्या हुई थी”

आजमगढ़। सुभासपा प्रमुख एवं पंचायती राज विभाग के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने रविवार को ब्लॉक सभागार में आयोजित जनचौपाल कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उन्होंने ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी और विशेष रूप से सूर्यघर योजना के बारे में विस्तार से बताया।
शायराना अंदाज से किया लोगों को प्रेरित
राजभर ने कार्यक्रम के दौरान शायरी सुनाई –
“तुम तो ठहरे झील के पानी की तरह,
दरिया बनते तो बहुत दूर निकल जाते।”
उन्होंने कहा कि यह संदेश जीवन में आगे बढ़ने और संघर्ष करने की सीख देता है।
विपक्ष को घेरा
राजभर ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “2027 से 2047 तक का विजन” लेकर चल रहे हैं, जबकि विपक्ष सिर्फ 2027 तक ही सीमित रह गया है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा –
“विधानसभा में विपक्ष की एक महिला विधायक ने मुख्यमंत्री को अपराध मुक्त प्रदेश बनाने के लिए धन्यवाद दिया था, लेकिन उसी विधायक के पति की अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बावजूद उस विधायक को पार्टी से बाहर कर दिया गया। यही विपक्ष की असलियत है, जो अपराधियों को संरक्षण देने का काम करता है।”
कानून-व्यवस्था पर बयान
राजभर ने कहा कि 2012 से 2017 तक का कार्यकाल “दंगों का दौर” था, लेकिन अब प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा –
“अगर अधिकारियों को पता चल जाए कि आप ओपी राजभर के साथ हैं, तो उनका पसीना छूट जाएगा। आप बस मोबाइल से हमें अपनी समस्या बताइए, अधिकारी कुर्सी पर नहीं टिक पाएंगे।”
संगठन की मजबूती पर जोर
कार्यक्रम में उन्होंने कई कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी और संगठन को और सशक्त बनाने का आह्वान किया।
इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव राजकुमार गुप्ता, हरिबदन प्रजापति, कुलदीप राजभर, रमाशंकर राजभर, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष राधिका पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।



