साउथ अफ्रीका दौरे के लिए बांग्लादेश की टेस्ट टीम घोषित:महफिजुल को पहली बार मौका, चार साल बाद मोहम्मद नईम की टेस्ट टीम में वापसी

Nov 09, 2026 - 12:51
0
साउथ अफ्रीका दौरे के लिए बांग्लादेश की टेस्ट टीम घोषित:महफिजुल को पहली बार मौका, चार साल बाद मोहम्मद नईम की टेस्ट टीम में वापसी
साउथ अफ्रीका के खिलाफ 15 नवंबर से जोहान्सबर्ग में शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए बांग्लादेश ने 16 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। 21 साल के अनकैप्ड ओपनर महफिजुल इस्लाम को पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है। वहीं, 27 साल के मोहम्मद नईम की चार साल बाद टेस्ट टीम में वापसी हुई है। उन्होंने 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना इकलौता टेस्ट खेला था। मुख्य चयनकर्ता हबीबुल बशर ने टीम का ऐलान किया। महफिजुल को महमूदुल हसन जॉय के मेडिकल कारणों से बाहर होने के बाद मौका मिला है। वहीं, वेस्टइंडीज के खिलाफ सिलहट टेस्ट में टखने की चोट के कारण शादमान इस्लाम सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह मोहम्मद नईम को शामिल किया गया है। महफिजुल ने NCL में बनाए 672 रन, एक दोहरा शतक भी लगाया मैमनसिंह डिवीजन की ओर से खेलने वाले दाएं हाथ के ओपनर महफिजुल इस्लाम ने नेशनल क्रिकेट लीग (NCL) में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 5 मैचों में 74.67 की औसत से 672 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक दोहरे शतक समेत तीन शतक लगाए। वे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। मुख्य चयनकर्ता हबीबुल बशर ने कहा कि टीम को दाएं हाथ के ओपनर की जरूरत थी। महफिजुल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट और बांग्लादेश इमर्जिंग टीम के मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया है। चार साल बाद मोहम्मद नईम की टेस्ट टीम में वापसी 27 साल के ओपनर मोहम्मद नईम ने आखिरी और इकलौता टेस्ट 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। उन्होंने इस सीजन NCL में 7 पारियों में 612 रन बनाए हैं। इसमें एक दोहरा शतक और दो शतक शामिल हैं। वे टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। नईम अगस्त में बांग्लादेश-A टीम के साथ साउथ अफ्रीका दौरे पर भी गए थे। वहां उन्होंने तीन पारियों में 72 रन बनाए थे। चयनकर्ता हबीबुल बशर ने कहा कि साउथ अफ्रीका दौरे और घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें टीम में शामिल किया गया है। साइड स्ट्रेन के कारण टेस्ट सीरीज नहीं खेलेंगे नाहिद राणा बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा साइड स्ट्रेन से उबर रहे हैं। वे फिलहाल ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में विशेषज्ञ डॉक्टर की निगरानी में रिहैब कर रहे हैं। उन्होंने 90% तीव्रता से गेंदबाजी शुरू कर दी है। मुख्य चयनकर्ता हबीबुल बशर के मुताबिक, नाहिद 15 नवंबर तक बांग्लादेश लौट सकते हैं। वे टेस्ट सीरीज से बाहर हैं। वनडे सीरीज में उनकी उपलब्धता पर फैसला बाद में लिया जाएगा, जबकि टी-20 सीरीज तक उनके फिट होने की उम्मीद है। सौम्य सरकार और नईम हसन टीम से बाहर चयनकर्ताओं ने सौम्य सरकार और ऑफ स्पिनर नईम हसन को टीम में जगह नहीं दी है। उनकी जगह तेज गेंदबाज खालिद अहमद को शामिल किया गया है। साउथ अफ्रीका की परिस्थितियों को देखते हुए बांग्लादेश ने टीम में पांच प्रमुख तेज गेंदबाज रखे हैं। इनमें तस्कीन अहमद, हसन महमूद, शरीफुल इस्लाम, इबादत हुसैन और खालिद अहमद शामिल हैं। साउथ अफ्रीका में 350 रन बना चुके हैं तौहीद हृदय बांग्लादेश के बल्लेबाज तौहीद हृदय से भी टीम को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। उन्होंने अगस्त में बांग्लादेश-A की ओर से साउथ अफ्रीका में नाबाद 350 रन की पारी खेली थी। यह साउथ अफ्रीका की धरती पर किसी विदेशी बल्लेबाज का सबसे बड़ा फर्स्ट क्लास स्कोर है। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट में भी उन्होंने नाबाद 242 रन बनाए। यह टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश की ओर से किसी बल्लेबाज का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। बांग्लादेश की टेस्ट टीम नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), मेहदी हसन मिराज, तंजीद हसन, मोहम्मद नईम, मोमिनुल हक, मुशफिकुर रहीम, लिटन दास (विकेटकीपर), तौहीद हृदय, जाकेर अली, ताइजुल इस्लाम, तस्कीन अहमद, हसन महमूद, शरीफुल इस्लाम, इबादत हुसैन, खालिद अहमद और महफिजुल इस्लाम।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User